नेपाल में उप्र के रहने वाले 20 तीर्थ नागरिकों की बस खाई में गिरी, बच्ची समेत दो की मौत, सीएम योगी ने लिया घटना का संज्ञान | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

नेपाल में उप्र के रहने वाले 20 तीर्थ नागरिकों की बस खाई में गिरी, बच्ची समेत दो की मौत, सीएम योगी ने लिया घटना का संज्ञान

Date : 24-Apr-2026

 महाराजगंज/लखनऊ, 23 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जनपद से नेपाल तीर्थ करने गए 20 श्रद्धालुओं की बस वहां पिउठान जिले में स्वर्गद्वारी के पास गुरुवार को गहरी खाई में गिर गई। इस दुखद हादसे में एक महिला व बच्ची की मौत हो गई। जबकि अन्य सभी घायलों को लुंबिनी सीटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घटना के वक्त उपराेक्त लाेग नेपाल की बस में सवार थे और वहीं का चालक था, इस प्रकार बस में कुल 21 लोग सवार थे। इस घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। उनके निर्देश पर प्रदेश के नागरिकों की मदद के लिए मेडिकल टीम 10 एंबुलेंस के साथ नेपाल रवाना हाे गई है। यह जानकारी महाराजगंज के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने दी है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के सदर तहसील अंतर्गत गांव सेवा राजा में रहने वाले 20 नागरिक तीर्थ के लिए नेपाल गए थे। हादसे में घायल चालक समेत कुल 21 लोगों को तत्काल मुख्य जिला अधिकारी रूपनदेही से बात कर घायलों को लुंबिनी सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। राहत व बचाव कार्य के लिए एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद को मौके पर भेजा गया है और एडीएम (एफ/आर) सोनौली में कैंप कर नेपाली प्रशासन के साथ समन्वय सुनिश्चित कर रहे हैं। मौके पर तत्काल चार एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस समेत 10 एंबुलेंस को डॉक्टर की टीम के साथ भेजा गया है।

इस हादसे में महिला निरमा मौर्या (30) और बच्ची काव्या मौर्या की मृत्यु होने का दुखद समाचार मिला है। बाकी अन्य घायलों का उपचार जारी है। डीएम ने बताया कि महाराजगंज के जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज के मेडिकल टीम को हाई अलर्ट पर रखने के साथ घायलों के लिए बेड आरक्षित कर दिया गया है। नेपाल प्रशासन द्वारा भी सभी जरूरी सहयोग प्रदान किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि घटना के संबंध में लगातार नेपाल प्रशासन के साथ संवाद किया जा रहा है। घायलों और मृतकों के परिजनों को नेपाल ले जाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने घायलों और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

सीएम योगी ने घटना पर जताया दुख, आर्थिक मदद का ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में हुए हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने घटना में मृत लोगों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया है। वहीं घायलों का बेहतर उपचार एवं सहायता राशि देने का भी ऐलान किया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement