राजस्थान की तपती हवाओं से झुलसा मध्य प्रदेश, नर्मदापुरम सबसे गर्म, आज 11 जिलों में लू का अलर्ट | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

राजस्थान की तपती हवाओं से झुलसा मध्य प्रदेश, नर्मदापुरम सबसे गर्म, आज 11 जिलों में लू का अलर्ट

Date : 24-Apr-2026

 भोपाल, 24 अप्रैल । राजस्थान से आ रही तेज गर्म हवाओं ने मध्य प्रदेश में गर्मी का असर और बढ़ा दिया है। भोपाल, जबलपुर, उज्जैन, नर्मदापुरम और सागर संभाग के कई शहरों में लू जैसे हालात बन गए हैं। आज शुक्रवार को भी प्रदेश के 11 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। तेज गर्मी को देखते हुए नर्मदापुरम में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, जिन जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है, उनमें निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, सिवनी, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर शामिल हैं।

बीते गुरुवार को प्रदेश का तापमान सामान्य से करीब 4.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। नर्मदापुरम सबसे गर्म रहा, जहां पारा 43.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा खजुराहो (छतरपुर) में 43.4 डिग्री और नौगांव में 43 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। सीधी में 42.6 डिग्री, दतिया, दमोह, सागर और टीकमगढ़ में 42.2 डिग्री, रायसेन और रतलाम में 42 डिग्री दर्ज किया गया। सतना में 41.8, मंडला में 41.6, गुना और रीवा में 41.5, नरसिंहपुर और खरगोन में 41.4 डिग्री तापमान रहा। श्योपुर में 41.2, शाजापुर, खंडवा और दतिया में 41.1 तथा उमरिया में 41 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर में 41.6 डिग्री, भोपाल में 41 डिग्री, ग्वालियर में 40.8 डिग्री, इंदौर में 40.6 डिग्री और उज्जैन में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

रात में भी गर्मी से राहत नहीं

भोपाल समेत कई शहरों में रात का तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। नर्मदापुरम में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे यहां ‘वॉर्म नाइट’ की स्थिति बनने की संभावना जताई जा रही है। वॉर्म नाइट वह स्थिति होती है, जब रात का तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री तक ज्यादा हो और दिन का तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक हो। यदि यह बढ़ोतरी 6.4 डिग्री से ज्यादा हो जाए, तो इसे ‘सीवियर वॉर्म नाइट’ कहा जाता है। फिलहाल प्रदेश में ऐसी स्थिति नहीं बनी है।

महीने के अंत में बारिश के आसार

मौसम विभाग ने बताया कि अप्रैल के अंतिम दिनों में मौसम बदल सकता है। 27 अप्रैल को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी और अनूपपुर में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से संभव होगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement