बंगाल से तृणमूल की विदाई तय : संतोष पाठक | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

बंगाल से तृणमूल की विदाई तय : संतोष पाठक

Date : 24-Apr-2026

 कोलकाता, 24 अप्रैल । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कोलकाता की चौरंगी विधानसभा सीट इस बार सबसे चर्चित मुकाबलों में शामिल हो गई है। एक समय कांग्रेस के प्रभावशाली नेता रहे कोलकाता नगर निगम के पूर्वा पार्षद संतोष पाठक ने चुनाव से ऐन पहले भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा। क्षेत्र में मजबूत जनाधार रखने वाले संतोष पाठक को भाजपा ने चौरंगी सीट से उम्मीदवार बनाया है। उनके मैदान में उतरने से यहां मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।

चौरंगी सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने अपनी मौजूदा विधायक नयना बंद्दोपाध्याय को फिर से उम्मीदवार बनाया है। नयना बंद्दोपाध्याय लगातार दो बार से विधायक हैं और वरिष्ठ तृणमूल नेता सुदीप बंदोपाध्याय की पत्नी हैं। एक तरफ तृणमूल कांग्रेस इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर भाजपा इसे छीन लेने के लिए पूरी ताकत झोंक चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार से विशेष बातचीत में भाजपा उम्मीदवार संतोष पाठक ने दावा किया कि इस बार केवल चौरंगी ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस का सफाया होने जा रहा है।

-----

जनता भ्रष्टाचार और बदहाल कानून व्यवस्था से त्रस्त

जब उनसे पूछा गया कि चौरंगी की जनता उन्हें क्यों वोट देगी, तो संतोष पाठक ने कहा कि केवल चौरंगी ही नहीं, पूरे राज्य की जनता इस बार भाजपा को वोट देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार के शासनकाल में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है, प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गई है और कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है।

उन्होंने कहा कि राज्य के लोग लंबे समय से इस स्थिति को झेल रहे हैं और अब बदलाव चाहते हैं। जनता ने तय कर लिया है कि इस बार तृणमूल सरकार को सत्ता से बाहर करना है।

------

बाहरी मुद्दे पर ममता बनर्जी को घेरा

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा भाजपा को बाहरी पार्टी बताए जाने के सवाल पर संतोष पाठक ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने आसनसोल से शत्रुघ्न सिन्हा और कीर्ति आजाद जैसे नेताओं को टिकट देकर सांसद बनाया, जो बंगाल के नहीं हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्यों में भी कई ऐसे लोग हैं जिनका बंगाल से सीधा संबंध नहीं है। इसलिए भाजपा को बाहरी बताने का आरोप केवल राजनीतिक नाटक है।

------

आईपीएस राजीव कुमार पर गंभीर आरोप

संतोष पाठक ने पश्चिम बंगाल पुलिस के पूर्व महानिदेशक और वर्तमान राज्यसभा सांसद राजीव कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजीव कुमार देश के सबसे भ्रष्ट अधिकारियों में शामिल हैं।

पाठक ने कहा कि ममता बनर्जी और तृणमूल नेताओं के भ्रष्टाचार को छिपाने तथा सबूत मिटाने में उन्होंने अपराधियों से बढ़कर भूमिका निभाई। उन्होंने दावा किया कि उसी के इनाम के तौर पर उन्हें राज्यसभा भेजा गया।

-----

ममता बनर्जी पर निशाना

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर टिप्पणी करते हुए संतोष पाठक ने कहा कि वह उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानते हैं और पहले ममता बनर्जी उनके घर भी आती रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी बहुत बड़ी नाटकबाज हैं और दिखावे की राजनीति करती हैं।

उन्होंने कहा कि जनता अब उनके झूठे वादों और राजनीतिक नाटकों को समझ चुकी है। इस बार बंगाल की जनता उन्हें सत्ता से बाहर कर देगी।

-----

भाजपा का संकल्प पत्र ही बंगाल की दिशा

संतोष पाठक ने भाजपा के संकल्प पत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के 13 राज्यों में भाजपा की सरकार है, जो सुशासन का उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल में भी भाजपा सरकार बनने पर बड़े बदलाव दिखाई देंगे।

उन्होंने कहा कि यदि अब भी परिवर्तन नहीं हुआ, तो राज्य की स्थिति और खराब हो जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि तुष्टीकरण की राजनीति के कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ा है और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

------

महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े वादे

भाजपा उम्मीदवार ने कहा कि पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं को 3000 रुपये मासिक आर्थिक सहायता दी जाएगी। राज्य की महिलाएं सरकारी सार्वजनिक परिवहन में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी।

उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 15 हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। साथ ही नौकरी मिलने तक 3000 रुपये मासिक भत्ता दिया जाएगा।

-----

डबल इंजन सरकार का लाभ मिलेगा

संतोष पाठक ने कहा कि यदि बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है तो राज्य की योजनाओं के साथ-साथ केंद्र सरकार की योजनाओं का भी पूरा लाभ जनता को मिलेगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार से विकास की गति तेज होगी।

------

आयुष्मान भारत से बंगाल वंचित

उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे देश में लोग केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत योजना का लाभ उठा रहे हैं और निजी अस्पतालों में गंभीर बीमारियों का मुफ्त इलाज की सुविधा पा रहे हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल की जनता इससे वंचित है।

उन्होंने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य साथी योजना केवल दिखावा है और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल रही। भाजपा सरकार बनने पर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा दी जाएगी।

-------

रोजगार और उद्योग पर बड़ा दावा

संतोष पाठक ने कहा कि बंगाल की औद्योगिक बदहाली पूरे देश में चर्चा का विषय है। यहां के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में मजदूरी करनी पड़ रही है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सरकार बनने पर राज्य में एक करोड़ रोजगार सृजित किए जाएंगे। उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा और बंगाल को फिर से सोनार बंगला बनाया जाएगा।

---- बंगाल का भविष्य बदलने वाला चुनाव

संतोष पाठक ने कहा कि चौरंगी विधानसभा सीट पर जनता बदलाव के पक्ष में खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि चौरंगी के लोगों के सुख-दुख में नयना बंद्दोपाध्याय कभी भी खड़ी नहीं हुईं, ना हीं किसी से मिलती-जुलती हैं। वह अपनी दुनिया में सीमित रहती हैं। इसीलिए लोग बदलाव चाहते हैं। इस बार चौरंगी के साथ-साथ पूरे पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सत्ता से बाहर होगी और भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल सरकार बदलने का नहीं, बल्कि बंगाल का भविष्य बदलने का चुनाव है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement