सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी, कक्षाएं स्थगित | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी, कक्षाएं स्थगित

Date : 24-Feb-2026

हल्द्वानी, 24 फरवरी। कुमाऊं के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सुशीला तिवारी अस्पताल एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से मंगलवार को हड़कंप मच गया। यह ईमेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य की आधिकारिक ईमेल आईडी पर प्राप्त हुआ, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

धमकी के बाद एहतियातन एमबीबीएस, एमडी और एमएस तक की सभी शैक्षणिक कक्षाएं तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दी गईं। कॉलेज प्रशासन ने छात्रों को अनावश्यक रूप से परिसर में न आने और हॉस्टल में भी सतर्कता बरतने की सलाह जारी की है।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता (

बीडीडीएस)

मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा एजेंसियों ने कॉलेज परिसर, छात्रावास, प्रयोगशालाओं, लाइब्रेरी और मुख्य भवन की सघन तलाशी शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक जांच जारी थी और किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई थी।

कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य और सुरक्षित घोषित नहीं की जाती, तब तक नियमित शिक्षण कार्य संचालित नहीं होगा। विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि उत्तराखंड की अदालतों को भी हाल के दिनों में इस प्रकार की धमकियां मिलती रही हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इसी तरह के ईमेल उत्तर प्रदेश, राजस्थान तथा दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भी भेजे गए हैं। इससे पूर्व देश के कई स्कूलों को भी ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और साइबर सेल की मदद से ईमेल के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement