कोलकाता में सेना का वाहन पलटा, दो जवान घायल | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

कोलकाता में सेना का वाहन पलटा, दो जवान घायल

Date : 24-Feb-2026

कोलकाता, 24 फरवरी । महानगर के मा फ्लाइओवर पर मंगलवार सुबह बारिश के कारण फिसलन भरी सड़क पर सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार दो जवान घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि वाहन विपरीत दिशा की लेन में घुसने के बाद रेलिंग से टकराया और पलट गया। घटना के समय वाहन में तीन सैनिक सवार थे। इनमें से दो को चोटें आई हैं। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पलटे वाहन से जवानों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।

कोलकाता ट्रैफिक पुलिस सूत्रों के अनुसार, वाहन साइंस सिटी से पार्क सर्कस की ओर जा रहा था, तभी अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन डिवाइडर पार कर फ्लाइओवर की दूसरी लेन में चला गया। मंगलवार तड़के से शहर में हल्की से मध्यम वर्षा हो रही थी, जिससे सड़कें गीली और फिसलनभरी हो गई थीं। आशंका है कि इसी कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।

अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सुबह चार बजे से कोलकाता तथा आसपास के जिलों में वर्षा शुरू हो गई थी।

पुलिस यह जांच कर रही है कि दुर्घटना केवल फिसलन के कारण हुई या इसमें किसी अन्य वाहन की भी भूमिका रही। सेना ने भी दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए अलग से जांच शुरू की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन तेज रफ्तार में था और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मां फ्लाइओवर पर दोपहिया वाहनों की दुर्घटनाएं पहले भी होती रही हैं, लेकिन भारी सैन्य वाहन के पलटने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए फ्लाइओवर पर यातायात बाधित रहा तथा आसपास की सड़कों पर भी असर पड़ा। बाद में यातायात पुलिस ने वाहन को हटाकर आवागमन सामान्य कर दिया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement