बीसीडी चुनाव की गिनती टाली गई, 26 फरवरी की जगह अब 7 मार्च से शुरू होगी | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

बीसीडी चुनाव की गिनती टाली गई, 26 फरवरी की जगह अब 7 मार्च से शुरू होगी

Date : 26-Feb-2026

 नई दिल्ली, 26 फरवरी । बार काउंसिल ऑफ दिल्ली (बीसीडी) के लिए डाले गए वोटों की गणना अब 7 मार्च से होगी। पहले मतगणना शुक्रवार से शुरु होनी थी। निर्वाचन अधिकारी सेवानिवृत जस्टिस तलवंत सिंह ने आज इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी किया।

नोटिफिकेशन में कहा गया है कि 221 उम्मीदवारों की वजह से बैलट पेपर का साइज काफी बड़ा है। इस वजह से पहले से आवंटित स्थान पर मतगणना करवाने में काफी मुश्किल होगी। पहले उच्च न्यायालय के एक्सटेंशन ब्लॉक में मतगणना का स्थान तय किया गया था। नोटिफिकेशन के मुताबिक निर्वाचन अधिकारी ने दिल्ली उच्च न्यायालय के चीफ जस्टिस डीके उपाध्याय से मतगणना के लिए बड़ी जगह उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया। उसके बाद चीफ जस्टिस ने दिल्ली उच्च न्यायालय के एस ब्लॉक लाऊंज की जगह देने की अनुमति दे दी। अब एस ब्लॉक के सातवीं मंजिल पर मतगणना होगी और छठी मंजिल पर उम्मीदवार या उनके मतगणना एजेंट स्क्रीन पर मतगणना की कार्यवाही देख सकेंगे।

बीसीडी का तीन दिवसीय चुनाव 23 फरवरी को समाप्त हुआ था। इस चुनाव में करीब 57 हजार से ज्यादा वकीलों ने अपना मतदान किया। मतदान के दौरान निर्वाचन अधिकारी ने 79 उम्मीदवारों को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में निलंबित कर दिया था। बाद में इन 79 उम्मीदवारों ने अपील दायर की, जिसे मंजूर करते हुए उनका निलंबन वापस लिया गया।

इस चुनाव के जरिये 25 सदस्यीय बीसीडी के 23 सदस्यों का चुनाव होना है। इस चुनाव में कुल 221 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चुनाव में पहली बार सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद महिला उम्मीदवारों को 30 फीसदी आरक्षण मिला है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement