सांभर झील में 27 को बर्ड फेस्टिवल, परिंदों का होगा दीदार | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

सांभर झील में 27 को बर्ड फेस्टिवल, परिंदों का होगा दीदार

Date : 26-Feb-2026

 जयपुर, 26 फ़रवरी। देश-दुनिया में खारी झील और समृद्ध वेटलैंड पारिस्थितिकी के लिए प्रसिद्ध सांभर झील में 27 फरवरी को सांभर बर्ड फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। वन विभाग द्वारा कोच्या की ढाणी स्थित इंटरप्रिटेशन सेंटर परिसर में आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य झील की जैव विविधता, वेटलैंड इकोसिस्टम और यहां हर वर्ष आने वाले प्रवासी पक्षियों के महत्व के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।

महोत्सव में तकनीक और परंपरा का अनूठा मेल देखने को मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न थीम आधारित स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां दूरबीन, कैमरा, स्पॉटिंग स्कोप और ड्रोन की मदद से बर्ड वॉचिंग का लाइव अनुभव कराया जाएगा। सांभर क्षेत्र की दुर्लभ पक्षी प्रजातियों और उनके जीवन चक्र पर आधारित फोटो प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

झील में नमक उत्पादन की पारंपरिक प्रक्रिया का लाइव डेमो प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे आगंतुकों को स्थानीय आजीविका और सांस्कृतिक विरासत की जानकारी मिल सकेगी। नई पीढ़ी की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्कूली विद्यार्थियों के बीच बर्ड क्विज, पेंटिंग और जागरूकता प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विजेताओं को कार्यक्रम के समापन पर सम्मानित किया जाएगा।

साथ ही ई बर्ड ऐप के बारे में जानकारी दी जाएगी, जिससे पक्षी अवलोकन संबंधी डेटा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जोड़ा जा सके। एवियन बोटुलिज्म जैसी पक्षी बीमारियों की रोकथाम और उपचार संबंधी जागरूकता के लिए भी विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। वन विभाग द्वारा ‘वेटलैंड मित्र पंजीकरण अभियान’ भी चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से आमजन को झील संरक्षण गतिविधियों से स्थायी रूप से जोड़ा जाएगा। ऐसे आयोजन न केवल पर्यटन को बढ़ावा देंगे, बल्कि संरक्षण प्रयासों और डेटा संकलन को भी सुदृढ़ करेंगे।

वन विभाग ने पक्षी प्रेमियों, पर्यटकों, विद्यार्थियों और शोधार्थियों से अपील की है कि वे 27 फरवरी को अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर इस महोत्सव को सफल बनाएं और प्रकृति संरक्षण के इस अभियान का हिस्सा बनें।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement