नवादा,26 फ़रवरी । जिले में कौआकोल प्रखण्ड के पावापुरी गोवरैया गांव में ग्रामीणों के सहयोग से हुए शिव मंदिर नवनिर्माण के बाद प्राण प्रतिष्ठा को लेकर गुरुवार से तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत हुई। जिसके प्रथम दिवस गुरुवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। जिसमें हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में 500 से अधिक महिलाओं ने अपने अपने सर पर कलश रखकर गांव का भ्रमण किया।
कलश यात्रा पावापुरी गोवरैया गांव स्थित मन्दिर व यज्ञ मण्डप परिसर से निकलकर गांव भ्रमण करते हुए रानीबाजार होते हुए ब्लॉक परिसर अवस्थित शिव मन्दिर पहुंचा। वहां से पुनः रानीबाजार सूर्य मंदिर तक कलश यात्रा पहुंची। जहां वाराणसी से आए ब्राह्मण पण्डित जालेश्वर पंडित की देखरेख में जलभराई की गई। इसके बाद कलश यात्रा पुनः गोवरैया गांव स्थित यज्ञ मण्डप के पास पहुंची। यज्ञ मण्डप में विधिवत कलश स्थापना के बाद पूजा अर्चना शुरू की गई। आयोजनकर्ताओं से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को समस्त वेदी पूजन एवं शनिवार को नगर भ्रमण,अधिवास के बाद प्राण प्रतिष्ठा एवं हवन व पूर्णाहुति के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा।
यज्ञ को लेकर गांव तथा आस-पास का माहौल भक्तिमय हो गया है। कलश यात्रा में विक्की पांडेय,गुड्डू यादव,बिरेन्द्र कुमार उर्फ बीरू यादव,रणजीत ठाकुर समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे। यज्ञ में मुख्य भूमिका स्थानीय ग्रामीण राजकुमार सिंह उर्फ राजू सिंह तथा उनकी पत्नी प्रियंका सिंह निभा रहीं हैं।
