चांदनी चौक में बिजली की तारों को भूमिगत करने की परियोजना का शुभारंभ | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

चांदनी चौक में बिजली की तारों को भूमिगत करने की परियोजना का शुभारंभ

Date : 26-Feb-2026

 नई दिल्ली, 26 फ़रवरी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को चांदनी चौक में ओवरहेड बिजली के तारों को भूमिगत करने की परियोजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली ने अपने अतीत को नमन करते हुए भविष्य की ओर एक मजबूत कदम बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि चांदनी चौक में लंबे समय से चली आ रही खतरनाक ओवरहेड बिजली के तारों की समस्या का समाधान किया जा रहा है। इसके तहत 28 प्रमुख सड़कों पर लगभग 160 करोड़ रुपये की लागत से भूमिगत बिजली की तारों को बिछाने का काम शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि हम बुनियादी ढांचे में सुधार लाने और दुकानदारों, स्ट्रीट वेंडरों और ग्राहकों को होने वाली समस्याओं को हल करने के लिए भी काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चांदनी चौक… सदियों से व्यापार और संस्कृति का जीवंत केंद्र रहा है। यहां की हवेलियां इतिहास की गवाही देती हैं और गलियां हमारी विरासत को संजोए हुए हैं। लेकिन लंबे समय से ऊपर लटकते बिजली के तार इस सौंदर्य पर परदा डालते थे और सुरक्षा के लिए भी चुनौती थे। उन्होंने कहा कि आज चांदनी चौक में बिजली के तारों को भूमिगत करने की परियोजना का शुभारंभ केवल तकनीकी बदलाव नहीं है, बल्कि हमारी धरोहर को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुंदर बनाने का संकल्प है।

मुख्यमंत्री ने यहां से मंडोली में बीवाईपीएल के 66/11 केवी जीआईएस ग्रिड सब-स्टेशन और शिवालिक द्वारका तथा गोयला खुर्द में बीआरपीएल की चार यूटिलिटी-स्तरीय बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। उन्होंने कहा कि इन पहलों से लाखों परिवारों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विरासत की रक्षा और भविष्य की तैयारी दिल्ली इसी संतुलन के साथ आगे बढ़ रही है।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद, पार्षद सुमन गुप्ता, जिला अध्यक्ष अरविंद गर्ग उपस्थित रहे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement