उरई, 27 फ़रवरी । आगामी त्योहार, होली, ईद और नवरात्रि के मद्देनजर जिला प्रशासन ने शुक्रवार को उरई स्थित विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में शांति समिति की एक अहम बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे।
डीएम राजेश कुमार पांडेय ने इस बैठक में माैजूद सभी धर्मगुरुओं, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, नागरिकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ त्याेहाराें काे मनाने की अपील की। उन्होंने किसी भी प्रकार की अफवाह या उकसावे से बचने की सलाह दी। बैठक में अधिकारियों ने सुरक्षा के कड़े इंतजामों पर जोर दिया।
एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हाेगी। संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया जाएगा और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने नागरिक सुविधाओं का भी पूरा ख्याल रखने के निर्देश दिए। बैठक में यह सुनिश्चित किया गया कि त्योहारों के दौरान सड़कों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था हो। इसके अलावा पेयजल, बिजली और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के भी आदेश दिए गए। धर्मगुरुओं और स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सभी ने एक स्वर में कहा कि जालौन की सामाजिक एकता मिसाल है और त्योहारों को मिलजुल कर मनाया जाएगा।
