लगातार दूसरे दिन ई-मेल से बम की धमकी, कई जिलों के डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय खाली कराए गए | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

लगातार दूसरे दिन ई-मेल से बम की धमकी, कई जिलों के डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय खाली कराए गए

Date : 27-Feb-2026

कोलकाता, 27 फ़रवरी। पश्चिम बंगाल के कई जिलों में गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी बम विस्फोट की धमकी वाले ई-मेल भेजे जाने से दहशत फैल गई। धमकी भरे ई-मेल मुख्य रूप से डाकघरों और उनसे जुड़े पासपोर्ट सेवा केंद्रों को भेजे गए। एहतियातन संबंधित परिसरों को तत्काल खाली करा लिया गया। हालांकि तलाशी अभियान के दौरान कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

हुगली के हेड पोस्ट ऑफिस को शुक्रवार दोपहर धमकी भरा ई-मेल मिला। इसी परिसर में पासपोर्ट सेवा केंद्र भी स्थित है। इसके कुछ ही देर बाद श्रीरामपुर के महकमा डाकघर को भी इसी तरह का ई-मेल प्राप्त हुआ। प्रशासन ने तत्काल सेवाएं बंद कर भवन खाली कराया, जिससे कार्यालय में मौजूद लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। मौके पर पुलिस और बम निरोधक दस्ता पहुंचकर जांच में जुट गया।

इसी क्रम में पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल पोस्ट ऑफिस, बांकुड़ा हेड पोस्ट ऑफिस और हावड़ा के मुख्य डाकघर को भी धमकी भरे संदेश मिले। हावड़ा में डाकघर के साथ न्यू कलेक्टरेट बिल्डिंग में भी बम की अफवाह फैल गई, जहां जिलाधिकारी कार्यालय सहित जिला प्रशासन के कई महत्वपूर्ण विभाग स्थित हैं। एहतियातन पूरे परिसर को खाली कराकर सघन तलाशी ली गई।

धमकी भरे ई-मेल में दावा किया गया था कि “सायनाइड गैस से भरा आरडीएक्स बम दोपहर 12:10 बजे पासपोर्ट कार्यालय में विस्फोट करेगा। 11 बजे के भीतर सभी को बाहर निकाल लें। गुरुवार काे पुलिस-प्रशासन की सक्रियता की परीक्षा ली गई थी, आज यह परीक्षा नहीं होगी।” ई-मेल की सूचना मिलते ही कर्मचारियों और आम लोगों में भय का माहौल फैल गया। हालांकि निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी किसी प्रकार का विस्फोट नहीं हुआ।

पुलिस ने स्निफर डॉग और बम निरोधक दस्ते की मदद से सभी स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला फर्जी धमकी का प्रतीत होता है, फिर भी सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही है।

उल्लेखनीय है कि, मंगलवार से लगातार चार दिनों से राज्य के विभिन्न जिलों में बम धमकी के ई-मेल भेजे जा रहे हैं। दो दिन पहले कोलकाता के कई अदालतों को उड़ाने की धमकी दी गई थी। बुधवार को अन्य जिलों की अदालतों को निशाना बनाया गया। हर बार परिसर खाली कराकर तलाशी ली गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

कोलकाता के पासपोर्ट कार्यालय को भी गुरुवार इसी तरह का ई-मेल मिला था। पूरे मामले की जांच कोलकाता पुलिस की विशेष कार्यबल (एसटीएफ) को सौंप दी गई है। जांच एजेंसियां लगातार फर्जी धमकी भरे ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति या गिरोह की पहचान करने में जुटी हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत जानकारी प्रशासन को दें।
 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement