नई दिल्ली, 27 फरवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आआपा) के संयोजक अरविंद केजरीवाल को आबकारी घोटाले के सीबीआई से संबंधित मामले में बरी किए जाने पर कहा कि अदालत ने सबूतों के अभाव में उन्हें बरी किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने गुरुवार को पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह एक तकनीकी मामला है और इसमें सैकड़ों मोबाइल फोन और सिम कार्ड नष्ट किए गए।
सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि केजरीवाल सबूतों के अभाव में अदालत से बरी हुए हैं। सभी लोग जानते हैं कि सबूतों को नष्ट करने के लिए 173 मोबाइलों को नष्ट किया गया। भाजपा के नेता हर समय सबूतों को नष्ट करने के बात कहते रहे। आआपा नेताओं की सच्चाई दिल्ली की जनता जानती है, इसलिए उन्होंने सजा देकर आआपा को सत्ता से बाहर किया।
तिवारी ने कहा कि कानून को सबूत नष्ट करके ज्यादा देर तक भ्रमित नहीं कर सकते हैं। सीबीआई उच्च अदालत जा रही है और दिल्ली को लूटने वाले भ्रष्टाचारियों को सजा जरूर मिलेगी। अगर आबकारी नीति में कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ था तो उसे केजरीवाल ने हटाया क्यों ? उच्चतम न्यायालय ने भी इस मामले में केजरीवाल को मुख्यमंत्री के तौर पर फाइलों पर साइन करने से रोक था। दिल्ली की जनता केजरीवाल की सच्चाई जानती है।
