मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत में ही बढ़ने लगी गर्मी, 35 डिग्री पार पहुंचा पारा, रंगपंचमी पर बारिश के संकेत | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत में ही बढ़ने लगी गर्मी, 35 डिग्री पार पहुंचा पारा, रंगपंचमी पर बारिश के संकेत

Date : 02-Mar-2026

 भोपाल, 02 मार्च । मार्च के पहले ही दिन मध्य प्रदेश में गर्मी ने तेवर दिखा दिए। निमाड़ क्षेत्र में स्थित खरगोन में तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर समेत कई शहरों में तेज धूप के कारण दिनभर गर्मी महसूस की गई। अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, 4 मार्च को एक नया सिस्टम सक्रिय हो रहा है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बनने वाले वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर दो दिन बाद प्रदेश में दिख सकता है। इसके चलते रंगपंचमी के आसपास या उससे पहले कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि इस सिस्टम के प्रभाव से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी भी दर्ज की जाएगी।

रविवार को पचमढ़ी को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। धार, गुना, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन, श्योपुर, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, सतना और सिवनी में तापमान 33 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। साफ मौसम और तेज धूप के कारण पारा तेजी से चढ़ा।

रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिली। रविवार की रात जबलपुर में न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री और सतना में 18.2 डिग्री दर्ज किया गया। धार, नर्मदापुरम, श्योपुर, छिंदवाड़ा, मंडला, नरसिंहपुर, सागर, सिवनी, टीकमगढ़, उमरिया और मलाजखंड में रात का तापमान 17 डिग्री से ऊपर रहा।

मौसम विभाग का अनुमान है कि मार्च से मई के बीच पूरे प्रदेश में सामान्य से अधिक तापमान रहेगा। मार्च में ही गर्मी का असर बढ़ने लगेगा, जबकि अप्रैल और मई में हीट वेव का प्रभाव ज्यादा देखने को मिल सकता है। ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में अप्रैल-मई के दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग भी तेज गर्मी की चपेट में रहेंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement