'परिवर्तन यात्रा' में जाने वालों को धमकाने का आरोप, सुकांत ने तृणमूल पर साधा निशाना | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

'परिवर्तन यात्रा' में जाने वालों को धमकाने का आरोप, सुकांत ने तृणमूल पर साधा निशाना

Date : 02-Mar-2026

 कोलकाका, 2 मार्च । केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पार्टी अपने व्हाट्सएप ग्रुप में बीजेपी समर्थकों को निशाना बनाने की नापाक साजिश रच रही है। मथुरापुर संगठनिक जिले में गृह मंत्री अमित शाह की 'परिवर्तन यात्रा' सभा में शामिल होने वाले बीजेपी कार्यकर्ताओं व समर्थकों की युवा साथी योजना और लक्ष्मीर भांडार जैसी सरकारी सुविधाएं रद्द करने की धमकी दी जा रही है।

डॉ. मजूमदार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सोमवार सुबह व्हाट्सएप चैट का एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया, जिसमें इसी तरह की धमकी दी गई है। उन्होंने टीएमसी की इस कथित चाल को 'समाजविरोधी, नीच और प्रतिशोधपूर्ण मानसिकता' करार दिया। उन्होंने दावा किया कि टीएमसी ने स्थानीय बूथ नेतृत्व को निर्देश दिया है कि ऐसे लोगों को चिह्नित कर भविष्य के लिए निशाना बनाया जाए। यह खुलासा ग्रामीण इलाकों में फैले भय और आंतक के माहौल को उजागर करता है, जहां लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला हो रहा है।

मंत्री ने कहा कि ऐसी धमकियां और राजनीतिक प्रतिशोध ग्रामीण स्तर पर डर का वातावरण पैदा कर रहे हैं। उन्होंने बंगाल के मेहनतकश लोगों पर इस 'निंदनीय राजनीतिक प्रतिशोध' का उचित जवाब देने का आह्वान किया और सभी प्रमाणों को संग्रहीत करने की बात कही। यह बयान उस समय आया है जब बीजेपी की 'परिवर्तन यात्रा' राज्यव्यापी जोर पकड़ रही है।

उल्लेखनीय है कि आज सोमवार को मथुरापुर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भाजपा की परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement