नेपालः दुर्गम और हिमालयी क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर के जरिये मतपेटियां संकलित करने की तैयारी | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

नेपालः दुर्गम और हिमालयी क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर के जरिये मतपेटियां संकलित करने की तैयारी

Date : 03-Mar-2026

 काठमांडू, 04 मार्च । निर्वाचन आयोग ने 15 जिलों के 61 स्थानों से हेलीकॉप्टर के जरिये मतपेटिकाएं एकत्र करने का निर्णय लिया है। आयोग ने बुधवार को 61 स्थानों से मतपेटिकाएं संकलित कर हेलिकाप्टर के जरिये मतगणना स्थल तक ले जाने का फैसला किया है।

 
निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता नारायण प्रसाद भट्टराई के मुताबिक, कोसी प्रदेश के सोलुखुम्बु, संखुवासभा और ताप्लेजुंग के 16 मतदान केंद्रों की मतपेटिकाएं हेलीकॉप्टर से एकत्र की जाएंगी।
 
इसी तरह बागमती प्रदेश के 34 और गंडकी प्रदेश के 32 मतदान केंद्रों से मतपेटिकाएं संकलन के लिए भी हेलीकॉप्टर की मांग की गई है। बागमती के रसुवा, दोलखा और धादिङ के कुछ मतदान केंद्रों से मतपेटिकाएं लाने के लिए हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जाएगा।
 
गंडकी के गोरखा और मनाङ के हिमाली क्षेत्रों की मतपेटिकाएं भी हेलीकॉप्टर से संकलित की जाएंगी। ऐसे ही लुम्बिनी प्रदेश के रुकुम पूर्व के 7 मतदान केंद्रों से मतपेटिकाएं लाने के लिए भी हेलीकॉप्टर आवश्यक होगा।
 
कर्णाली प्रदेश के हुम्ला, डोल्पा और रुकुम पश्चिम के 40 मतदान केंद्रों की मतपेटिकाएं विभिन्न स्थानों पर एकत्र कर हेलीकॉप्टर से ही जिला मुख्यालय पहुंचाई जाएंगी।
 
सुदूर पश्चिम प्रदेश के दार्चुला, बाजुरा और बझाङ के 20 मतदान केंद्रों से मतपेटिकाएं संकलन के लिए भी हेलीकॉप्टर तैनात करने का निर्णय लिया गया है।
 
आयोग के प्रवक्ता भट्टराई ने बताया कि मतपेटिकाएं संकलन के लिए हेलीकॉप्टर आवश्यक स्थानों का विवरण गृह मंत्रालय ने प्रमुख जिला अधिकारियों के माध्यम से संकलित किया था। जिलों से प्राप्त विवरण पर निर्वाचन आयोग ने अतिरिक्त विश्लेषण कर यह निर्णय लिया।
 
प्रारंभ में ताप्लेजुंग में हेलीकॉप्टर उपयोग न करने का निर्णय लेने वाले आयोग ने बुधवार को इसमें संशोधन करते हुए इसे भी शामिल किया।
 
आयोग के मुताबिक मौसम और तत्कालीन परिस्थितियों के अनुसार मतपेटिकाओं के संकलन में हेलीकॉप्टर के उपयोग में आगे भी बदलाव संभव है।
 
इससे पहले कुछ स्थानों पर मतपत्रों की ढुलाई भी हेलीकॉप्टर के माध्यम से की गई थी। सभी मतदान केंद्रों की मतपेटिकाएं एकत्र होने तक संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना शुरू नहीं की जाएगी, इसलिए शीघ्र संकलन सुनिश्चित करने के लिए हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जा रहा है।

RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement