बेंगलुरु, 05 मार्च । भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों के तहत कर्नाटक लोकायुक्त के अधिकारियों ने गुरुवार सुबह राज्य के विभिन्न जिलों में एक साथ छापेमारी की। राजधानी बेंगलुरु सहित मंड्या, धारवाड़, हासन, मैसूरु, विजयपुरा और यादगिरि जिलों में कई अधिकारियों के घरों और दफ्तरों में तलाशी अभियान शुरू किया ।
बेंगलुरु शहर में चार स्थानों पर कार्रवाई की गई। केआरआईडीएल के मुख्य अभियंता वसंत वी. नायक, बीडीए क्षेत्र के आरएफओ डालेेश तथा रायत सेवा सहकारी संघ के सीईओ शशिधर के आवास और कार्यालयों में दस्तावेजों की जांच की गई।
यादगिरि के विद्युत विभाग के उप विद्युत निरीक्षक वीरेश हिरेमठ, मंड्या लोक निर्माण विभाग के उपखंड एएई एस. सतीश, धारवाड़ के पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के तालुका पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एम.के. सुरकोड के घरों पर भी छापे डाले गए।
हासन नगर पालिका के एएई एम.सी. सत्यनारायण, मैसूरु के जल भवन स्थित कर्नाटक शहरी जल आपूर्ति और जल निकासी बोर्ड के एएई और ईई आसिफ इकबाल तथा विजयपुरा की कृष्णा भाग्य जल निगम लिमिटेड में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता प्रकाश पी.जी. के आवासों पर भी तलाशी जारी है।
लोकायुक्त अधिकारियों द्वारा बैंक खातों का विवरण, चल-अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए यह कार्रवाई की गई है।
इसी दौरान हासन नगर पालिका के एएई एम.सी. सत्यनारायण द्वारा दरवाजा नहीं खोलने की घटना भी सामने आई। बाद में स्थानीय पुलिस की सहायता से दरवाजा खुलवाकर तलाशी अभियान आगे बढ़ाया गया।
