मध्य प्रदेश में मौसम के दो रंग, कहीं बादल तो कहीं तेज तपिश, पारा 38 डिग्री के पार | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मध्य प्रदेश में मौसम के दो रंग, कहीं बादल तो कहीं तेज तपिश, पारा 38 डिग्री के पार

Date : 25-Mar-2026

 भोपाल, 25 मार्च । मध्य प्रदेश में मौसम इन दिनों दो अलग-अलग रंग दिखा रहा है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ सिस्टम के प्रभाव से मंगलवार को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में बादल छाए रहे, जबकि भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग में तेज गर्मी ने लोगों को परेशान किया। इन क्षेत्रों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम का यही मिजाज बुधवार को भी बने रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 27 और 28 मार्च के लिए प्रदेश में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। 26 मार्च को उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है, जिसका असर अगले दो दिनों तक ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग में देखने को मिलेगा। इसके अलावा 28 मार्च को एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने की संभावना है, जो मौसम को और प्रभावित कर सकता है।

प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का असर भी अलग-अलग नजर आया। बीती रात रीवा और सागर में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि मालवा-निमाड़ क्षेत्र में गर्मी का असर ज्यादा रहा। खंडवा में तापमान 38.1 डिग्री और रतलाम में 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। नर्मदापुरम में 37.8 डिग्री, खरगोन और रायसेन में 37.6 डिग्री, धार और मंडला में 36.5 डिग्री तथा नरसिंहपुर में 36 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के प्रमुख शहरों में उज्जैन सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा भोपाल में 34.4 डिग्री, इंदौर में 35 डिग्री, ग्वालियर में 33.5 डिग्री और जबलपुर में 35.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

बता दें कि पिछले चार दिनों से सक्रिय मजबूत सिस्टम के कारण प्रदेश के 45 जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी है। इनमें से 17 जिलों में ओलावृष्टि भी हुई है। तेज आंधी और बारिश से केला, पपीता और गेहूं की फसलों को नुकसान पहुंचा है। धार और खरगोन सहित कई जिलों में फसलों पर ज्यादा असर पड़ा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement