करोल बाग में बड़ा हादसा: पलटी स्लीपर बस, पुलिस की तत्परता से बचीं कई जानें, 2 की मौत | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

करोल बाग में बड़ा हादसा: पलटी स्लीपर बस, पुलिस की तत्परता से बचीं कई जानें, 2 की मौत

Date : 25-Mar-2026

 नई दिल्ली, 25 मार्च। मध्य जिले के करोल बाग इलाके में मंगलवार रात जब जयपुर से दिल्ली आ रही एक स्लीपर टूरिस्ट बस अचानक पलट गई। हादसे में 23 यात्री घायल हो गए, जबकि दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय लोगों की मदद से कई यात्रियों की जान बचाई जा सकी।

पुलिस के अनुसार, रात करीब 1:05 बजे पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि चेम्बरी स्थित हनुमान मंदिर के पास एक बस पलट गई है और कई यात्री उसमें फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही करोल बाग थाने के एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उस समय बस में सवार यात्री अंदर फंसे हुए थे और मदद के लिए चीख-पुकार मचा रहे थे।

बस (नंबर आरजे-14PE-5065) जयपुर से फतेहपुरी, सदर बाजार की ओर आ रही थी और उसमें करीब 30 यात्री सवार थे। मौके पर पहुंचे कॉन्स्टेबल रोहित ने सूझबूझ दिखाते हुए एक गुजर रही जेसीबी मशीन को रुकवाया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस को थोड़ा उठाकर नीचे से फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। बस को सुरक्षित रखने के लिए सड़क किनारे पड़े भारी सीमेंट ब्लॉकों का सहारा लिया गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान करीब 10 गंभीर घायलों को तुरंत सर गंगा राम अस्पताल भेजा गया। इसके बाद अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में तेजी लाई गई। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें 12 को आरएमएल अस्पताल, 10 को गंगा राम अस्पताल और एक को लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया। आरएमएल अस्पताल में इलाज के दौरान दो पुरुषों की मौत हो गई। मृतकों में एक की पहचान बिजनौर निवासी शहबाज आलम (30) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

बस चालक पंकज कुमार (26), जो अलवर (राजस्थान) का निवासी है, हादसे में घायल हुआ है और फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, समय रहते की गई कार्रवाई और टीमवर्क के चलते बड़ा नुकसान टल गया और कई लोगों की जान बचाई जा सकी। मामले की जांच जारी है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement