कानपुर में रामनवमी पर निकलेंगे 45 जुलूस, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

कानपुर में रामनवमी पर निकलेंगे 45 जुलूस, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

Date : 26-Mar-2026

 कानपुर, 26 मार्च। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में रामनवमी पर्व को लेकर सेंट्रल जोन में 45 जुलूस निकाले जाएंगे और सभी के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यह जुलूस शहर के विभिन्न हिस्साें में 26 और 27 मार्च काे निकाले जायेंगे। इस पर्व को देखते हुए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और पहले से ही व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

सभी जुलूस मार्गों का आयोजकों और संबंधित विभागों के साथ संयुक्त जायजा लिया जा चुका है, जिससे मार्गों पर आने वाली संभावित बाधाओं को पहले ही दूर किया जा सके। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, प्रमुख धर्मस्थलों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जा रही है और सड़कों पर झुकी पेड़ों की डालियों व बिजली के तारों की स्थिति का आकलन कर आवश्यक सुधार कराए गए हैं।

इसके अलावा संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और लगातार निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से प्रत्येक जुलूस मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, साथ ही सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने गुरुवार को बताया कि पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, साथ ही सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement