हैदराबाद, 26 मार्च। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आज से पूरे तेलंगाना में गर्मी का असर बढ़ सकता है। उत्तर और पूर्वी तेलंगाना के जिलों में आज तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच तक पहुंच सकता है। इसी के साथ भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) हैदराबाद ने तेलंगाना के सभी जिलों में अगले पांच दिन तक गरज-चमक के साथ बारिश की भी संभावना जताते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि ऑरेंज अलर्ट गुरुवार के लिए ही लागू है, जबकि इसके बाद चार दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
आईएमडी के मुताबिक उत्तर और पूर्वी तेलंगाना के जिलों-आदिलाबाद, आसिफाबाद, निर्मल, निजामाबाद, जगतियाल, मंचेरियाल, मुलुगू, भद्राद्री, खम्मम और महबूबाबाद में आज तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं हैदराबाद में आज तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। शहर में शाम के समय हल्की बारिश हो सकती है, जबकि बाकी समय मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
आईएमडी हैदराबाद के अनुसार, आज प्रदेश के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। वहीं अगले चार दिनों
तक बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं। इसी बीच सटीक पूर्वानुमानों के लिए प्रसिद्ध तेलंगाना के वेदर एक्सपर्ट ‘तेलंगाना वेदरमैन’ ने अनुमान जताया है कि आज से राज्य में गर्मी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर और पूर्वी तेलंगाना के जिलों का तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
आईएमडी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि तेज गर्मी के कारण विकाराबाद, संगारेड्डी, रंगारेड्डी, नारायणपेट, आदिलाबाद और आसिफाबाद में शाम के बाद और रात तक दौरान छिटपुट गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
