अष्टमी पर देवी मंदिरों में उमड़ी श्रद्धा की लहर, हवन-पूजन के साथ हुआ नौ कन्या भोज | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

अष्टमी पर देवी मंदिरों में उमड़ी श्रद्धा की लहर, हवन-पूजन के साथ हुआ नौ कन्या भोज

Date : 26-Mar-2026

 धमतरी, 26 मार्च । चैत्र नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर गुरुवार को शहर सहित ग्रामीण अंचल में भक्ति और आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिला। देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न हुआ और भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर माता का आशीर्वाद लिया।

अष्टमी के अवसर पर शहर की आराध्य देवी मां विंध्यवासिनी, गंगरेल की मां अंगारमोती, दंतेश्वरी मंदिर रिसाईपारा, शीतला मंदिर, दुर्गा मंदिर पावर हाउस बठेना वार्ड, काली मंदिर रुद्री रोड गोकुलपुर, रिसाईमाता मंदिर, डाकबंगला वार्ड स्थित काली मंदिर, काली मंदिर सोरिद, हटकेशर स्थित कामना मंदिर, दानीटोला वार्ड का शीतला मंदिर, शिव चौक का वैष्णव मंदिर, गायत्री मंदिर, बस स्टैंड स्थित काली मंदिर और रत्नाबांधा के रत्नेश्वरी मंदिर सहित अनेक देवी स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना की गई।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी भक्ति का उत्साह चरम पर रहा। पुरूर के मौली माता मंदिर, जगतरा समिति दुर्गा मंदिर, कनेरी स्थित मां काली मंदिर सहित आमदी, कुकरेल, भखारा, कोलियारी, भटगांव, सोरम, नवागांव और लोहरसी के देवी मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सुबह से लेकर देर शाम तक दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा।

नौ कन्या भोज में बढ़ी उत्साहपूर्ण भागीदारी

अष्टमी पर हवन की पूर्णाहुति के बाद विभिन्न मंदिरों और घरों में नौ कन्या भोज का आयोजन किया गया। इसके लिए छोटी बच्चियों को आमंत्रित करने में लोगों ने विशेष उत्साह दिखाया। कई स्थानों पर कन्याओं को खोजने के लिए लोगों को काफी प्रयास करना पड़ा।

कन्याओं को खीर, पूड़ी और हलवा का प्रसाद कराया गया। इसके बाद चूड़ी, बिंदी, माला, नेल पॉलिश, रूमाल जैसी श्रृंगार सामग्री के साथ दक्षिणा और श्रीफल भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया गया। जिन परिवारों में अष्टमी पर यह आयोजन नहीं हो सका, वे नवमी तिथि पर कन्या भोज करेंगे।

आज होगा जोत-जंवारा विसर्जन

नवरात्रि की नवमी तिथि पर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित जोत-जंवारा का विसर्जन शुभ मुहूर्त में बाजे-गाजे के साथ किया जाएगा। गोकुलपुर वार्ड स्थित शीतला मंदिर और महिमा सागर वार्ड के शीतला मंदिर सहित विभिन्न देवी स्थलों पर विसर्जन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन समितियों के सदस्य कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement