रांची में 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान शुरू, प्रभात फेरी व नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को किया जागरूक | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

रांची में 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान शुरू, प्रभात फेरी व नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को किया जागरूक

Date : 04-May-2026

 रांची, 04 मई । न्यायमूर्ति-सह-झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) के कार्यपालक अध्यक्ष सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश तथा रांची के न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में सोमवार को 90 दिवसीय विधिक जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

इस अवसर पर न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर जरूरतमंद लोगों को विधिक रूप से जागरूक कर उन्हें उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने कहा कि जागरूकता बढ़ने से लोग सरकार की विभिन्न लाभकारी योजनाओं से जुड़ सकेंगे।

न्यायायुक्त ने यह भी बताया कि नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है, विशेष रूप से बाल विवाह प्रथा को समाप्त करने के लिए संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के क्षेत्रों में जागरूकता की कमी के कारण लोग कई योजनाओं से वंचित रह जाते हैं, जिसे दूर करना इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) के सचिव राकेश रोशन ने बताया कि इस 90 दिवसीय अभियान का उद्देश्य जन-जन तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि पीएलवी एवं एलएडीसीएस के माध्यम से ग्रामीण और सुदूरवर्ती क्षेत्रों में व्यापक विधिक जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिससे लोग अपने अधिकारों के प्रति सजग होकर न्यायालय की ओर अग्रसर हो सकें।

इस अवसर पर व्यवहार न्यायालय परिसर से प्रभात फेरी निकाली गई। न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा एवं अन्य न्यायिक पदाधिकारियों ने गुब्बारे उड़ाकर प्रचार वाहन को रवाना किया।

प्रभात फेरी व्यवहार न्यायालय से निकलकर फिरायालाल चौक तक पहुंची। इस दौरान ‘रंगदर्पण’ नुक्कड़ नाटक टीम द्वारा फिरायालाल चौक पर बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement