कांवड़ यात्रा से पहले सभी निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

कांवड़ यात्रा से पहले सभी निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

Date : 04-May-2026

 हरिद्वार, 04 मई । आगामी कांवड़ यात्रा को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद में चल रहे सभी निर्माण कार्यों को कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले हर हाल में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि निर्देशों की अनदेखी करने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पेयजल एवं सीवरेज कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम की परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल को निर्देश दिए कि सीवरेज से जुड़े सभी निर्माणाधीन कार्य कांवड़ यात्रा से पूर्व पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सड़कों के निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और जहां-जहां गड्ढे हैं, वहां तत्काल पेचवर्क किया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सड़क किनारे कोई निर्माण सामग्री या मलबा न पड़ा रहे, जिससे यातायात बाधित हो सकता है।

जल संस्थान एवं जल निगम को पेयजल लाइनों की मरम्मत से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।जिलाधिकारी ने नगर निगम, नगर पंचायत, जिला पंचायत, नगर पालिकाओं और खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नालियों और जल निकासी तंत्र की सफाई तत्काल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या किसी भी स्थिति में उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। यदि कहीं बंद नालियों के कारण जलभराव की स्थिति पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement