भुवनेश्वर, 04 मई। ओडिशा पावर ट्रैन्समिशन कार्पोरेशन लिमिटेड द्वारा पावर ट्रेनिंग सेंटर चंदका में स्थापित अत्याधुनिक पावर सिस्टम सिमुलेशन प्रयोगशाला का उद्घाटन आज ओडिशा के उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेन ने किया। इस अवसर पर ओपीटीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक भास्कर ज्योति शर्मा भी उपस्थित रहे।
यह नई प्रयोगशाला पावर सिस्टम प्लानिंग, ग्रिड प्रबंधन और परिचालन विश्वसनीयता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से स्थापित की गई है। अत्याधुनिक सिमुलेशन तकनीकों से लैस यह लैब इंजीनियरों को जटिल ग्रिड परिदृश्यों का मॉडल तैयार करने, लोड फ्लो का विश्लेषण करने, सिस्टम स्थिरता का अध्ययन करने तथा रियल टाइम में फॉल्ट कंडीशनों का सिमुलेशन करने में सक्षम बनाएगी। इससे राज्य में अधिक सुदृढ़, कुशल और भविष्य उन्मुख ट्रांसमिशन नेटवर्क के विकास में मदद मिलेगी, जो बढ़ती ऊर्जा मांग और नवीकरणीय ऊर्जा के एकीकरण के लिए महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सिंह देव ने कहा कि एक मजबूत ट्रांसमिशन नेटवर्क विकसित ओडिशा की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि यह प्रयोगशाला इंजीनियरों को चुनौतियों का पूर्वानुमान लगाने, ग्रिड संचालन को अनुकूलित करने और उद्योग, कृषि तथा घरेलू क्षेत्रों में 24×7 गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में सक्षम बनाएगी। यह पहल राज्य सरकार की आधुनिक, विश्वसनीय और प्रौद्योगिकी-आधारित ऊर्जा क्षेत्र के निर्माण की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
