धमतरी, 05 मई । छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। धमतरी शहर में तापमान लगातार बढ़ते हुए 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिसके कारण लोग दोपहर के समय घरों में रहने को मजबूर हो रहे हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते शहर के प्रमुख बाजारों में दिन के समय सन्नाटा पसरने लगा है।
शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल गोल बाजार, सदर बाजार मार्ग, मकई चौक से लेकर बालक चौक और मठ मंदिर चौक तक दोपहर के समय आवाजाही बेहद कम हो गई है। जहां आम दिनों में चहल-पहल रहती थी, वहीं अब दोपहर में दुकानें खुली होने के बावजूद ग्राहक नजर नहीं आते। व्यापारी भी गर्मी के कारण कारोबार पर पड़ रहे असर को लेकर चिंतित हैं। गर्मी से राहत पाने के लिए लोगों ने अपनी दिनचर्या में बदलाव किया है। अब अधिकांश लोग खरीदारी के लिए शाम के समय ही घरों से बाहर निकल रहे हैं, जब तापमान में कुछ गिरावट आती है।
शाम होते ही बाजारों में फिर से रौनक लौट आती है और दुकानों पर भीड़ बढ़ने लगती है। भीषण गर्मी से बचाव के लिए लोग स्कार्फ, टोपी और धूप के चश्मे का सहारा ले रहे हैं। इसके चलते इन वस्तुओं की मांग में अचानक वृद्धि देखी जा रही है। शहर के प्रमुख बाजारों के अलावा चौक-चौराहों पर लगी अस्थायी दुकानों में भी लोग बड़ी संख्या में चश्मे और टोपी खरीदते नजर आ रहे हैं।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डा राजेश सूर्यवंशी का कहना है कि तेज धूप में बिना सुरक्षा के बाहर निकलना आंखों के लिए हानिकारक हो सकता है। सूर्य से निकलने वाली पराबैगनी किरणें आंखों को नुकसान पहुंचा सकती है, इसलिए बाहर निकलते समय धूप का चश्मा और सिर ढककर रखना जरूरी है। इधर, भीषण गर्मी को देखते हुए शहर की कई सामाजिक संस्थाओं ने आमजन के लिए प्याऊ (जल सेवा केंद्र) भी शुरू किए हैं, जहां राहगीरों को ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
