स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचे ओडिशा के मुख्यमंत्री, बोले-’एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का प्रतीक है यह स्मारक | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचे ओडिशा के मुख्यमंत्री, बोले-’एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का प्रतीक है यह स्मारक

Date : 07-May-2026

 राजपीपला, 07 मई ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने गुरुवार को विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दौरा किया। उन्होंने कहा कि यह स्मारक ’एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का प्रतीक है। उन्होंने भारत के लौह पुरुष को पुष्पांजलि अर्पित कर गौरव और धन्यता का अनुभव व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री मांझी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में स्थित विशाल फोटो प्रदर्शनी गैलरी का अवलोकन भी किया। उन्होंने कहा कि यहां सरदार पटेल के जीवन प्रसंगों, प्रतिमा के निर्माण कार्य और भारत के एकीकरण के लिए उनके ऐतिहासिक योगदान को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है, यह बहुत सराहनीय है।

इस दौरान मुख्यमंत्री मांझी के आरोग्य वन पहुंचने पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के चेयरमैन मुकेश पुरी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने आरोग्य वन में आदिवासी महिलाओं द्वारा तैयार खट्टी भिंडी के शरबत का स्वाद भी लिया। इसके बाद उन्होंने मियावाकी वन, वामन वृक्ष वाटिका, लेजर शो और नर्मदा आरती में भाग लेकर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की।

स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और विभिन्न परियोजनाओं का दौरा करने के बाद मुख्यमंत्री मांझी ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में निर्मित यह स्मारक पूरे देश के लिए गौरव का प्रतीक बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के आह्वान को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जीवंत रूप में साकार करता है। उन्होंने कहा कि के एकता और अखंड भारत के सपने को साकार करने के लिए देशभर के गांवों से लोहे का संग्रह कर इस भव्य स्मारक का निर्माण किया गया है, जो राष्ट्रीय एकता का अद्वितीय प्रतीक है। मुख्यमंत्री बनने के बाद इस पवित्र स्थल की यात्रा उनके लिए गर्व और आनंद का विषय है।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश की 565 रियासतों को एकसूत्र में बांधकर अखंड भारत का निर्माण किया था। प्रधानमंत्री मोदी विकसित भारत के निर्माण के लिए कई दिशाओं में प्रयासरत हैं, जो हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि गुजरात के सर्वांगीण विकास मॉडल से प्रेरणा लेकर वे अपने राज्य में भी विकास के नए आयाम स्थापित करने का संकल्प लेकर लौट रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ प्रतिनिधिमंडल में उद्योग मंत्री संपदचंद्र स्वैन, मुख्य सचिव अनु गर्ग, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव साश्वत मिश्रा, जल संसाधन सचिव शुभा शर्मा, पर्यटन सचिव बलवंत सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के चेयरमैन मुकेश पुरी ने मुख्यमंत्री को सरदार पटेल की प्रतिकृति भेंट कर सम्मानित किया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement