डॉ. सरमा ने शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का लिया जायजा | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

डॉ. सरमा ने शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का लिया जायजा

Date : 08-May-2026

 गुवाहाटी, 08 मई। असम के निवर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बीती रात गुवाहाटी के खानापारा स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय खेल मैदान में आयोजित होने वाले असम सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ-साथ कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों के भी शामिल होने की उम्मीद है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि समारोह की सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से और समय पर पूरी हो जाएं।

असम में सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को होने वाला है। इसकी आधिकारिक जानकारी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने दी। विधायक दल का नेता चुनने के लिए विधायकों की होने वाली बैठक में 10 मई को केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रभारी एवं ओड़िशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी सह प्रभारी के रूप में उपस्थित रहेंगे।

समीक्षा बैठक का विवरण साझा करते हुए निवर्तमान मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा है कि डॉ. सरमा ने खानापारा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 3.0 सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। बयान में कहा गया कि डॉ. सरमा ने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर के सुचारू संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं उसी के अनुरूप की जाएं।

डॉ. सरमा द्वारा असम विधानसभा चुनाव में राजग की शानदार जीत के बाद राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा सौंपने के एक दिन बाद सभी तैयारियां शुरू हुई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने चुनावों में 102 सीटें हासिल कीं, जिससे राज्य में लगातार तीसरी बार राजग सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया। यह चुनाव भाजपा के लिए एक बड़ी उपलब्धि भी साबित हुआ, क्योंकि असम में पहली बार पार्टी ने अपने दम पर बहुमत का आंकड़ा पार किया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement