मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, आंधी-बारिश से लुढ़का पारा, 21 जिलों में आज भी अलर्ट | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, आंधी-बारिश से लुढ़का पारा, 21 जिलों में आज भी अलर्ट

Date : 08-May-2026

 भोपाल, 08 मई । मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। कई जिलों में आंधी और बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को रीवा का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया, जबकि ग्वालियर, नौगांव, सीधी और सतना में भी मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना रहा। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 21 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट शामिल हैं। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं। दूसरी ओर, भोपाल, इंदौर और उज्जैन समेत प्रदेश के 34 जिलों में गर्मी का असर बना रहेगा। इन इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रह सकता है।

गुरुवार को टीकमगढ़, नर्मदापुरम और श्योपुर में बारिश दर्ज की गई। वहीं ग्वालियर-चंबल, रीवा और शहडोल संभाग के कई हिस्सों में बादल छाए रहे और कहीं-कहीं तेज आंधी चली। प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में मध्य प्रदेश के मध्य हिस्से में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जबकि दूसरा सिस्टम ऊपरी हिस्से में बना हुआ है। इसके साथ ही पूर्वी क्षेत्र से एक ट्रफ लाइन गुजर रही है। 10 मई से एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है। विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि 10 और 11 मई को पूरे प्रदेश में गर्मी फिर से तेज होने के संकेत हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement