कानपुर में देर रात तक चला सघन अभियान, 101 वाहनों पर कार्रवाई में 4.48 लाख का जुर्माना | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

कानपुर में देर रात तक चला सघन अभियान, 101 वाहनों पर कार्रवाई में 4.48 लाख का जुर्माना

Date : 16-May-2026

 कानपुर, 16 मई। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में शुक्रवार रात राजस्व, पुलिस, परिवहन और खनन विभाग की संयुक्त टीमों ने सघन सड़क सुरक्षा एवं प्रवर्तन अभियान चलाकर 101 वाहनों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान ओवरलोड, बिना नंबर प्लेट, प्रेशर हॉर्न और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 17 वाहन सीज किए गए, 74 वाहनों का चालान किया गया। परिवहन व खनन विभाग की ओर से करीब 4.48 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

एसडीएम घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह के नेतृत्व में अभियान शुरू किया गया। संयुक्त टीमों ने क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर चेकिंग करते हुए वाहनों के दस्तावेज, ओवरलोडिंग, टैक्स, परमिट, लाइसेंस और प्रेशर हॉर्न समेत अन्य मानकों की जांच की। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गयी।

परिवहन एवं खनन विभाग की ओर से सात वाहनों पर ओवरलोडिंग, टैक्स, परमिट और लाइसेंस संबंधी अनियमितताओं में कार्रवाई करते हुए लगभग चार लाख 48 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं पुलिस विभाग ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले 17 वाहनों को सीज किया और 74 वाहनों का चालान किया। अभियान में एआरटीओ कहकशां, एसीपी कृष्णकांत, खनन अधिकारी, पुलिस बल और अन्य विभागीय टीमें मौजूद रहीं।

एसडीएम अबिचल प्रताप सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग और यातायात नियमों की अनदेखी आम लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement