सिक्किम के 51वें स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

सिक्किम के 51वें स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं

Date : 16-May-2026

 नई दिल्ली, 16 मई। सिक्किम के 51वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और राज्य की उपलब्धियों की सराहना की। सिक्किम 16 मई 1975 को औपचारिक रूप से भारत का 22वां राज्य बना था।

राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने संदेश में कहा कि सिक्किम अपनी शानदार प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता के कारण देश के लिए सतत विकास का एक आदर्श मॉडल बनकर उभरा है। सिक्किम के लोग अपनी गर्मजोशी, सादगी और सद्भावना के लिए जाने जाते हैं। राज्य निरंतर प्रगति करता रहे, यही उनकी कामना है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सिक्किम वासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत के विकास में सिक्किम का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने राज्य के लोगों के उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में उन्हें सिक्किम के लोगों के बीच राज्य स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने का अवसर मिला, जहां मिली आत्मीयता उनकी स्मृतियों का हिस्सा बनी रहेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार आगे भी सिक्किम के विकास में पूरा सहयोग देती रहेगी।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सिक्किम को कंचनजंगा की प्राकृतिक छटा, जैव विविधता और पूर्ण जैविक खेती वाले राज्य के रूप में देश की विशिष्ट पहचान बताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पर्यटन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए प्रसिद्ध सिक्किम देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर कहा कि दुनिया के पहले पूर्ण जैविक राज्य के रूप में सिक्किम ने पर्वतीय पर्यटन को नई पहचान दी है और उसकी उपलब्धियां पूरे देश को प्रेरित करती हैं।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता, लोक-संस्कृति और परंपराओं की सराहना करते हुए राज्यवासियों को बधाई दी। उन्होंने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व में राज्य के निरंतर विकास और समृद्धि की कामना की।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक्स पर कहा कि प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक धरोहर से परिपूर्ण सिक्किम शांति और सद्भाव का प्रतीक है तथा निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर रहे, यही उनकी प्रार्थना है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी सिक्किम राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और भाईचारे का प्रतीक सिक्किम देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement