हिमाचल में शहरी निकाय चुनाव के लिए मतदान शुरू, 439 वार्डों में 1147 उम्मीदवारों में मुकाबला | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

हिमाचल में शहरी निकाय चुनाव के लिए मतदान शुरू, 439 वार्डों में 1147 उम्मीदवारों में मुकाबला

Date : 17-May-2026

 शिमला, 17 मई। हिमाचल प्रदेश में 51 शहरी निकायों के लिए रविवार सुबह मतदान शुरू हो गया। प्रदेशभर में सुबह सात बजे से मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे और कई जगहों पर मतदान शुरू होने से पहले ही कतारें देखने को मिलीं। साफ मौसम और तेज धूप के बीच लोगों में मतदान को लेकर उत्साह नजर आ रहा है। मतदान प्रक्रिया दोपहर तीन बजे तक चलेगी, जिसके बाद मतगणना शुरू होगी। नगर परिषद और नगर पंचायतों के नतीजे देर शाम तक आने की संभावना है, जबकि चार नगर निगमों के नतीजे 31 मई को घोषित किए जाएंगे।

राज्य में कुल 449 वार्ड हैं, जिनमें से 10 वार्डों में पार्षद पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। ऐसे में 439 वार्डों में मतदान कराया जा रहा है। इन सीटों पर कुल 1147 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों के अलावा बड़ी संख्या में निर्दलीय प्रत्याशी भी शामिल हैं, जिसके चलते कई वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय बन गया है। महिलाओं के लिए 196 वार्ड आरक्षित किए गए हैं।

इन चुनावों के तहत चार नगर निगम धर्मशाला, मंडी, पालमपुर और सोलन के अलावा 25 नगर परिषदों और 22 नगर पंचायतों के लिए मतदान हो रहा है। प्रदेशभर में 589 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और करीब तीन लाख 60 हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें एक लाख 80 हजार से अधिक पुरुष और करीब एक लाख 79 हजार महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं 1808 मतदाता पहली बार मतदान कर रहे हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। चुनाव ड्यूटी में 2340 मतदान कर्मियों और 1170 पुलिस जवानों को लगाया गया है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर चार मतदान कर्मियों के साथ दो पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं, जबकि संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल की व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्रों और उसके आसपास हथियार ले जाने पर रोक लगाई गई है। केवल कानून द्वारा अधिकृत व्यक्तियों को ही इसकी अनुमति होगी।

चुनाव आयोग ने मतदान और मतगणना प्रक्रिया पूरी होने तक शराब और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री व वितरण पर भी प्रतिबंध लगाया है। होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और शराब के ठेकों पर शराब परोसने की अनुमति नहीं दी गई है। चुनाव में करीब 1300 ईवीएम का इस्तेमाल किया जा रहा है।

सिरमौर जिले में भी नगर निकाय चुनाव को लेकर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। जिले में दो नगर परिषद और एक नगर पंचायत के लिए चुनाव हो रहा है। यहां कुल 40,133 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 20,138 महिला मतदाता हैं। नाहन नगर परिषद में अकेले 19,876 मतदाता हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने परिवार सहित मतदान किया और चुनाव में जीत का दावा किया।

पिछले शहरी निकाय चुनाव में प्रदेश में करीब 73 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इस बार चुनाव आयोग को उम्मीद है कि मतदान प्रतिशत पिछला रिकॉर्ड पार करेगा। सुबह से कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली।

इन चुनावों को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक संकेत माना जा रहा है। खासकर चार नगर निगमों के चुनाव पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि यहां पार्टी चिन्ह पर चुनाव हो रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंकी थी। सोलन नगर निगम में स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल और उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान की प्रतिष्ठा दांव पर मानी जा रही है। पालमपुर में भाजपा नेता विपिन परमार और कांग्रेस विधायक आशीष बुटेल के लिए यह चुनाव अहम माना जा रहा है। धर्मशाला में भाजपा नेता सुधीर शर्मा और मंडी में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की साख भी इन चुनावों से जुड़ी हुई है। वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार किया था। ऐसे में मतदान के साथ-साथ अब सभी की नजरें चुनाव परिणामों पर टिक गई हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement