जुबीन गर्ग की स्मृति में 10 बीघा भूमि पर बनेगा भव्य ‘जुबीन क्षेत्र’ : मुख्यमंत्री | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

जुबीन गर्ग की स्मृति में 10 बीघा भूमि पर बनेगा भव्य ‘जुबीन क्षेत्र’ : मुख्यमंत्री

Date : 20-May-2026

 गुवाहाटी, 20 मई। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को नई दिल्ली से सीधे ‘जुबीन क्षेत्र’ पहुंचकर असम के लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग की स्मृति में 10 बीघा भूमि पर एक भव्य और सर्वांग सुंदर सांस्कृतिक स्मारक निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने जुबीन गर्ग की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राज्य सरकार कलाकार की वास्तविक पहचान, विरासत और सांस्कृतिक योगदान के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जुबीन गर्ग केवल एक कलाकार नहीं, बल्कि असम की भावनाओं और सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक हैं।

डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने जनता से वादा किया था कि आशीर्वाद मिलने के बाद सरकार ‘जुबीन क्षेत्र’ परियोजना को आगे बढ़ाएगी। उसी प्रतिबद्धता को निभाने के लिए उन्होंने चुनाव समाप्त होने के बाद स्थल का दौरा किया।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भाजपा ने कभी भी जुबीन गर्ग के नाम पर राजनीति नहीं करने का निर्णय लिया था। इसी कारण चुनाव से पहले उन्होंने ‘जुबीन क्षेत्र’ का दौरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि कुछ विपक्षी दलों द्वारा जुबीन गर्ग को लेकर राजनीति किए जाने से भाजपा को जनता का अतिरिक्त समर्थन मिला।

उन्होंने कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर जुबीन गर्ग की असली पहचान और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना समय की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग तीन करोड़ की लागत से चारदीवारी निर्माण का प्रारंभिक कार्य शुरू किया जा चुका है। साथ ही ऊपरी हिस्से से मिट्टी खिसकने से रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय भी किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सरकार ‘जुबीन क्षेत्र’ को एक गरिमामय, सांस्कृतिक रूप से समृद्ध और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्थल के रूप में विकसित करने के लिए संकल्पबद्ध है।

भावुक स्वर में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि जुबीन मेरे पसंदीदा थे, हैं और हमेशा रहेंगे। उन्होंने कहा कि जुबीन गर्ग कभी राजनीतिक मुद्दा नहीं रहे, बल्कि असम के लोगों की भावनाओं से जुड़े एक अमर नाम हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement