कांकेर, 20 मई । जिले के दुर्गुकोंदल ब्लॉक के ग्राम डंडईखेड़ा में आज बुधवार काे ग्रामीणों की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों ने पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शोपसिंह आचला और स्थानीय भानुप्रतापपुर विधायक पर हाल ही में लगे अवैध वसूली व प्रताड़ना के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे एक सोची-समझी साजिश करार दिया है। इस संबंध में ग्रामवासियों द्वारा सर्वसम्मति से एक पंचनामा भी तैयार किया गया है।
ग्राम डंडईखेड़ा के ग्रामीणों द्वारा जारी पंचनामे में कहा गया है कि पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शोपसिंह आचला एवं भानुप्रतापपुर विधायक पर अवैध वसूली और परेशान करने के जो भी आरोप लगाए गए थे, वे पूरी तरह से गलत, फर्जी और निराधार हैं। पंचनामे के माध्यम से ग्रामीणों ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा जो आरोप शोपसिंह आचला एवं विधायक पर लगाया गया था, उसकी जानकारी हम समस्त ग्रामवासियों को बिल्कुल भी नहीं थी। हम समस्त ग्रामवासी इस झूठे आरोप का कड़े शब्दों में खंडन करते हैं।
इस बैठक में ग्राम पटेल दानलूराम, ग्राम गायता बारसूराम, लालजीराम, राजाराम पुड़ो, राजेन्द्र कुमार, सुखराम, धनसाय, सुरेन्द्र उसेन्डी, चमार सिंह दुग्गा, मेघा सिंह उसेन्डी सहित गांव के लगभग 30 प्रमुख नागरिकों और पंचों ने पंचनामा दस्तावेज पर अपने हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लगाकर इस खंडन का समर्थन किया है।
