बीजापुर, 20 मई । जिले में जनजातीय गरिमा उत्सव जन भागीदारी अभियान के अंतर्गत आज बुधवार काे जिलास्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर विश्वद्वीप ने जिलास्तरीय अधिकारियों एवं नामित नोडल अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलास्तर पर पीएमबीसी अभियान “जन भागीदारी सबसे दूर, सबसे पहले” थीम पर संचालित किया जाएगा। इसके तहत दूरस्थ क्षेत्रों में जमीनी संपर्क बढ़ाने, सेवा संतृप्ति सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने तथा आमजन की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। इसके तहत जिले के 187 जनजातीय बाहुल्य गांवों में विशेष संतृप्तिकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ते हुए आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अभियान के अंतर्गत 25 मई 2026 तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
शिविरों में स्वास्थ्य जांच, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, पात्रता अनुसार लाभ वितरण तथा विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही कर्मयोगी अभियान अंतर्गत निर्मित आदि सेवा केंद्रों में जनसुनवाई आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनने एवं त्वरित निराकरण की व्यवस्था भी की जाएगी। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
