सिलीगुड़ी, 23 मई । सिलीगुड़ी महकमा के खोरीबाड़ी के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में एक बार फिर आग्नेयास्त्र मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, सीमा क्षेत्र के गौरसिंहजोत स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) कैंप के पास शुक्रवार रात सड़क किनारे काले प्लास्टिक में लिपटा एक देशी हथियार स्थानीय लोगों की नजर में आया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पानीटंकी फांड़ी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हथियार को बरामद कर अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस यह जांच करने में जुटी है कि यह हथियार कहां से आया और इसके पीछे कौन लोग जुड़े हो सकते हैं।
फिलहाल पानीटंकी चौकी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
