एमसीडी ने दिल्ली में “धूल मुक्त सड़क” एवं विशेष स्वच्छता अभियान किया तेज | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

एमसीडी ने दिल्ली में “धूल मुक्त सड़क” एवं विशेष स्वच्छता अभियान किया तेज

Date : 23-May-2026

 नई दिल्ली, 23 मई। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत सभी 12 जोनों में व्यापक “धूल मुक्त सड़क” अभियान एवं विशेष स्वच्छता अभियान तेज कर दिए हैं। इन अभियानों के तहत शहरी स्वच्छता में सुधार और धूल प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीनों, वाटर स्प्रिंकलरों, जेटिंग मशीनों तथा स्वच्छता कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है।

करोल बाग जोन में एमसीडी ने 18 मई से 15 दिवसीय “धूल मुक्त सड़क” अभियान शुरू किया, जिसके अंतर्गत गिरधारी लाल गोस्वामी मार्ग, वंदे मातरम् मार्ग, शंकर रोड, रानी झांसी रोड, डीबी गुप्ता रोड एवं नजफगढ़ रोड सहित प्रमुख पीडब्ल्यूडी सड़कों को कवर किया गया। अभियान के दौरान मैकेनाइज्ड सफाई, सड़क किनारे जमा धूल एवं मलबा हटाने, फुटपाथ धुलाई तथा नियमित जल छिड़काव किया गया। 21 मई तक लगभग 15.2 किमी सड़कों की सफाई की गई तथा करीब 20.8 मीट्रिक टन धूल एवं 9.2 मीट्रिक टन कचरा हटाया गया।

दक्षिण जोन में धौला कुआं से एम्स, नेल्सन मंडेला मार्ग, अरविंदो मार्ग, राव तुलाराम मार्ग एवं अफ्रीका एवेन्यू मार्ग पर इसी प्रकार का अभियान चलाया गया। लगभग 8–10 वर्ग किमी क्षेत्र में 100–150 स्वच्छता कर्मचारियों की तैनाती के साथ एमआरएस मशीनें, टिपर, ट्रक, वाटर स्प्रिंकलर एवं जेटिंग मशीनों का उपयोग किया गया। अभियान के दौरान लगभग 20.31 मीट्रिक टन धूल एवं कचरा हटाया गया।

सिटी एसपी जोन में मैगजीन रोड, अरुणा नगर एवं मजनू का टीला क्षेत्र में वरिष्ठ एमसीडी अधिकारियों तथा जीएनसीटीडी के ट्रेड एंड टैक्स विभाग के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत सड़कों एवं गलियों की सफाई, कचरा एवं सी एंड डी वेस्ट उठान, ग्रीन बेल्ट, सीटीयू एवं फुटपाथों की सफाई की गई। इसके लिए एंटी-स्मॉग गन, एमआरएस एवं जेटिंग मशीनों का उपयोग किया गया तथा लगभग 130 स्वच्छता कर्मियों ने भाग लिया।

रोहिणी जोन में रिठाला मेट्रो स्टेशन से फ्लड कंट्रोल ड्रेन तक लगभग 1.5 वर्ग किमी क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें करीब 4 मीट्रिक टन कचरा एकत्र किया गया। अभियान के दौरान प्लास्टिक प्रदूषण में कमी एवं स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

पश्चिम जोन में नजफगढ़ रोड (राजौरी गार्डन), महात्मा गांधी रोड, पंजाबी बाग, आउटर रिंग रोड (विकास पुरी), पंखा रोड एवं जनकपुरी में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। लगभग 12–15 वर्ग किमी क्षेत्र में 100–120 स्वच्छता कर्मियों की तैनाती के साथ 10 टिपर, 4 ट्रक, 6 एमआरएस मशीनें एवं 2 वाटर स्प्रिंकलरों का उपयोग कर मैकेनाइज्ड सफाई एवं धूल नियंत्रण कार्य किए गए।

दिल्ली नगर निगम पूरे शहर में नियमित निगरानी, मैकेनाइज्ड स्वच्छता व्यवस्था तथा जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ, धूल-मुक्त एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement