मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों को दी गति, मुनक नहर स्थित छठ घाट निर्माण कार्य का किया निरीक्षण | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों को दी गति, मुनक नहर स्थित छठ घाट निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

Date : 23-May-2026

 नई दिल्ली, 23 मई । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और निरीक्षण कर क्षेत्रीय विकास को नई गति प्रदान की। इस दौरान उन्होंने एडी ब्लॉक शालीमार बाग एवं एपी ब्लॉक पीतमपुरा में नागरिक सुविधाओं से संबंधित अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण किया तथा केपी ब्लॉक कॉम्प्लेक्स और मुनक नहर स्थित छठ घाट निर्माण कार्य का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने एडी ब्लॉक शालीमार बाग में सड़कों, नालियों और गलियों के निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही पार्कों में वॉकवे व बाउंड्री वॉल निर्माण, डीडीए मार्केट में सार्वजनिक शौचालय, पार्किंग, सड़क एवं ड्रेनेज सिस्टम के विकास कार्यों का भी शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने एक विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि इन कार्यों से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि जलभराव की समस्या में कमी आएगी, सार्वजनिक स्थलों की उपयोगिता बढ़ेगी और क्षेत्र का स्वरूप भी बेहतर होगा।

मुख्यमंत्री ने एपी ब्लॉक, पीतमपुरा में विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इनमें बाउंड्री वॉल निर्माण, सड़क एवं नाली निर्माण तथा बाजार क्षेत्र में आधारभूत ढांचे के विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है और दिल्ली सरकार इस दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने पीतमपुरा स्थित केपी ब्लॉक कॉम्प्लेक्स का भी निरीक्षण किया, जहां सड़क, फुटपाथ, पार्किंग, जल निकासी व्यवस्था, पार्कों के पुनर्विकास, बाउंड्री वॉल निर्माण तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। उन्होंने अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता मानकों और समय-सीमा की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं ताकि स्थानीय नागरिकों को शीघ्र लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने मुनक नहर के निकट निर्माणाधीन छठ घाट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्थाओं से जुड़े स्थलों के विकास और आधुनिकीकरण के लिए भी प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य केवल बड़े स्तर की परियोजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक कॉलोनी, पार्क, बाजार, सड़क और मोहल्ले तक विकास पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें, मजबूत जल निकासी व्यवस्था, स्वच्छ सार्वजनिक स्थल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुव्यवस्थित पार्किंग जैसी सुविधाएं नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता को सीधे प्रभावित करती हैं। इसी दृष्टि से सरकार स्थानीय स्तर पर आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement