पूर्व मेदिनीपुर में विधानसभा नतीजों से उत्साहित भाजपा ने निकाय चुनाव की मांग तेज की | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

पूर्व मेदिनीपुर में विधानसभा नतीजों से उत्साहित भाजपा ने निकाय चुनाव की मांग तेज की

Date : 25-May-2026

 मेदिनीपुर, 25 मई ।

पूर्व मेदिनीपुर जिले की पांशकुड़ा और हल्दिया नगरपालिकाओं में लंबे समय से चुनाव नहीं होने को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि हार के डर से तृणमूल कांग्रेस ने इन दोनों नगरपालिकाओं में चुनाव नहीं कराया और प्रशासक के जरिए काम चलाया जा रहा है। भाजपा का कहना है कि निर्वाचित बोर्ड नहीं होने से शहरों की नागरिक सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

पांशकुड़ा नगरपालिका में वर्ष 2017 के चुनाव में तृणमूल ने 18 में से 17 वार्डों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि बाद में चेयरमैन पद को लेकर पार्टी के भीतर विवाद शुरू हो गया। 2022 में बोर्ड का कार्यकाल खत्म होने के बाद सरकार ने प्रशासक नियुक्त कर दिया। बाद में तामलुक के एसडीओ को नगरपालिका का प्रशासक बनाया गया।

वहीं हल्दिया नगरपालिका में भी 2022 से चुनाव नहीं हुए हैं। यहां भी प्रशासक के जरिए नगरपालिका चलाई जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इससे सफाई, सड़क और अन्य नागरिक सुविधाओं पर असर पड़ा है।

हालिया विधानसभा चुनाव में भाजपा को दोनों इलाकों में बढ़त मिलने के बाद पार्टी काफी उत्साहित है। भाजपा नेताओं का दावा है कि अगर अभी नगरपालिका चुनाव होते हैं तो पांशकुड़ा और हल्दिया दोनों नगरपालिकाओं में भाजपा बोर्ड बना सकती है।

सोमवार सुबह हल्दिया से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक प्रदीप कुमार बिजली ने कहा कि जनता ने तृणमूल को नकार दिया है और जल्द ही नगरपालिका चुनाव होने चाहिए। वहीं पांशकुड़ा भाजपा नेताओं ने भी दावा किया कि शहर में भाजपा के समर्थन में माहौल बन चुका है।

दूसरी ओर तृणमूल के पूर्व चेयरमैन नंदकुमार मिश्रा ने माना कि समय पर चुनाव होना बेहतर होता, लेकिन विधानसभा चुनाव में जनता ने बदलाव के पक्ष में मतदान किया है, जिसे स्वीकार करना होगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement