जगदलपुर, 29 मई। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 के लिए समय सारिणी जारी किया चुका है, जिसके तहत यह मुख्य परीक्षा आगामी 06, 07, 08 और 09 जून को आयोजित की जाएगी।
बस्तर जिले में इस परीक्षा को पूरी तरह से सुचारू, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए कलेक्टर आकाश छिकारा के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा तैयारी पूरी कर ली गई है। शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धरमपुरा जगदलपुर को मुख्य परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहाँ कुल 181 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे।
छग लोक सेवा आयोग से शुक्रवार काे प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मुख्य परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। परीक्षा के पहले दिन यानी 06 जून शनिवार को प्रथम पाली में सुबह 09 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रश्नपत्र-I भाषा और द्वितीय पाली में दोपहर 02 बजे से शाम 05 बजे तक प्रश्नपत्र-II निबन्ध की परीक्षा होगी। इसके बाद 07 जून रविवार को प्रथम पाली में प्रश्नपत्र-III सामान्य अध्ययन -I और द्वितीय पाली में प्रश्नपत्र-IV सामान्य अध्ययन -II का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा के तीसरे दिन यानी 08 जून सोमवार को अभ्यर्थी प्रथम पाली में प्रश्नपत्र-V (सामान्य अध्ययन-III) और द्वितीय पाली में प्रश्नपत्र-VI सामान्य अध्ययन-IV की परीक्षा देंगे। परीक्षा के अंतिम दिन 09 जून मंगलवार को केवल प्रथम पाली में सुबह 09 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक प्रश्नपत्र-VII सामान्य अध्ययन-V की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की इस मुख्य परीक्षा के लिए प्रशासन ने बेहद कड़े और पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए हैं। स्मार्ट फोन के बढ़ते दुरुपयोग को देखते हुए यह अनिवार्य किया गया है कि परीक्षा कक्ष के भीतर तैनात कोई भी वीक्षक मोबाइल फोन का उपयोग नहीं कर सकेगा और परीक्षा शुरू होने से पहले ही उनके फोन केंद्राध्यक्ष द्वारा सुरक्षित स्थान पर जमा करा लिए जाएंगे। आपातकालीन स्थिति में केवल लैंडलाइन फोन के उपयोग की अनुमति होगी।
इसके साथ ही परीक्षा की कड़ाई से निगरानी करने के लिए विशेष प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल को मिलाकर एक 'उड़नदस्ते' का गठन किया गया है, जो परीक्षा केंद्रों का लगातार औचक निरीक्षण करेगा। प्रश्नपत्र सह-उत्तर पुस्तिकाओं की गोपनीयता रखने के लिए भी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किया गया है। परीक्षा के दिनों में निर्धारित समय से ठीक डेढ़ घंटे पहले स्ट्रॉन्ग रूम को खोला जाएगा और नियुक्त नोडल अधिकारी कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा शुरू होने के आधा घंटा पहले सीलबंद पैकेट केंद्राध्यक्ष को सौंपकर पावती ली जाएगी । परीक्षा की समाप्ति के बाद सभी उत्तर पुस्तिकाओं को पुनः सीलबंद पार्सल में सुरक्षित रूप से 10 जून 2026 तक विशेष वाहनों और सशस्त्र सुरक्षा बल के साथ छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग, नवा रायपुर के कार्यालय में वापस जमा कर दिया जाएगा।
