स्वास्थ्य सेवाओं में धमतरी का दमदार प्रदर्शन: मातृ, शिशु और मानसिक स्वास्थ्य में लक्ष्य से कहीं आगे पहुंचा जिला | The Voice TV

Quote :

"जिस व्यक्ति ने कभी कोई गलती नहीं की, उसने कभी कुछ नया करने की कोशिश नहीं की।" — अल्बर्ट आइंस्टीन

National

स्वास्थ्य सेवाओं में धमतरी का दमदार प्रदर्शन: मातृ, शिशु और मानसिक स्वास्थ्य में लक्ष्य से कहीं आगे पहुंचा जिला

Date : 02-Jun-2026

 धमतरी, 02 जून । स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में जिला धमतरी ने वर्ष 2025-26 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई महत्वपूर्ण सूचकों में निर्धारित लक्ष्यों से बेहतर उपलब्धियां हासिल की हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं मुख्यमंत्री अटल मॉनिटरिंग पोर्टल के तहत किए गए मूल्यांकन में जिले की उपलब्धियां स्वास्थ्य तंत्र की प्रभावी कार्यप्रणाली और जमीनी स्तर पर किए गए प्रयासों की सफलता को दर्शाती हैं।

जिले ने स्वीकृत रिकॉर्ड ऑफ प्रोसीडिंग्स (आरओपी) के विरुद्ध 87.14 प्रतिशत व्यय दर्ज किया। मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में गर्भवती महिलाओं के प्रथम एएनसी पंजीयन में 97.9 प्रतिशत तथा नियमित स्वास्थ्य जांच में 102 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई। वहीं उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान एवं पंजीयन में 171.02 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज कर जिले ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। कुपोषण से जूझ रहे बच्चों के उपचार हेतु संचालित पोषण पुनर्वास केंद्रों में 87 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई। मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जांच, खोज एवं पंजीयन में 126.7 प्रतिशत तथा उपचार सेवाओं में 92.5 प्रतिशत उपलब्धि हासिल हुई। स्कूल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण में 99.9 प्रतिशत तथा स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में चिन्हांकित बीमार बच्चों के उपचार में 98.9 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आज मंगलवार काे जानकारी दी कि विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित मॉनिटरिंग और मैदानी अमले की सतत मेहनत के कारण जिले को यह सफलता मिली है। विभाग मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। जिले की यह उपलब्धि न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती को दर्शाती है, बल्कि प्रदेश में धमतरी को बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन वाले अग्रणी जिलों की श्रेणी में भी स्थापित करती है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement