अमित शाह की कांग्रेस को चुनौती, बोले-हिम्मत है तो 50 साल का रिपोर्ट कार्ड लेकर आएं | The Voice TV

Quote :

असफलताओं के बावजूद, अपना मनोबल ऊँचा रखें. अंत में सफलता आपको अवश्य मिलेगी । “ - धीरूभाई अंबानी

National

अमित शाह की कांग्रेस को चुनौती, बोले-हिम्मत है तो 50 साल का रिपोर्ट कार्ड लेकर आएं

Date : 20-Aug-2023

 भोपाल, 20 अगस्त । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को भोपाल प्रवास के दौरान कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि हमने मध्य प्रदेश को 20 साल में विकसित राज्य के रूप में आगे ले जाने काम किया है। आत्म निर्भर मध्य प्रदेश की नींव इन वर्षों में रखी गई। उन्होंने कांग्रेस के लोगों से पूछा कि आपने मध्यप्रदेश के साथ कितना न्याय किया, इसका हिसाब दीजिए। आंकड़े लेकर नौ करोड़ जनता के सामने आइए।

केंद्रीय गृह मंत्री शाह आज कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में करीब कल्याण महाअभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का गठन 1956 में हुआ, तब से 2003 तक कांग्रेस का शासन रहा। कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को 53 साल में बीरारू राज्य बनाया। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि 'हिम्मत है तो आपके 50 साल का रिपोर्ट कार्ड लेकर आइए। 2004 से 14 में जब सोनिया-मनमोहन सरकार थी, मध्यप्रदेश को एक लाख 58 हजार करोड़ रुपये सिर्फ 10 साल में दिए। मोदी सरकार ने नौ साल में आठ लाख 30 हजार करोड़ रुपये मध्यप्रदेश को देने का काम किया।

उन्होंने इस मौके पर मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार के 20 साल (2003-2023) का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। कार्यक्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बेहद मेहनती बताते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि 'हमने एक बीमारू राज्य को देश के सबसे विकसित राज्य में पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि आने वाले अमृतकाल का समय मध्य प्रदेश के लिए बेमिसाल साबित होगा। हर क्षेत्र में एमपी आगे बढ़ रहा है। यहां सभी अंचलों तक विकास पहुंचाया है। उन्होंने भरोसा जताया कि 2024 में लोकसभा की पूरी सीट हमें जनता देगी।

शाह ने कहा कि 2003 में बंटाधार की सरकार को हटाकर उमा भारती के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी और इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में 20 साल में विकास के कार्य हुए हैं। मध्य प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया। मैं मध्य प्रदेश की जनता को कहने आया हूं कि यह गरीबी से मुक्ति का चुनाव है। आबादी के 10 प्रतिशत लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। दिग्विजय- कमल नाथ जवाब दें कि अजा- अजजा के मात्र एक हज़ार करोड़ रुपये खर्च करते थे, आज हमारी सरकार इस वर्ग पर 64 हज़ार करोड़ रुपये खर्च कर रही है। स्वास्थ्य का बजट 580 करोड़ से बढ़कर 16 हजार करोड़ हुआ। सर्व शिक्षा अभियान का बजट बढ़ा है। पहले सड़कों में गड्ढे थे या गड्ढे में सड़क थी, समझ में नहीं आता था। कांग्रेस ने किसानों को गुमराह किया। जिसने खेत नहीं देखा, वो कमल नाथ एमएसपी की बात करते हैं। मध्य प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय एक लाख 40 हजार हो गई है।

उन्होंने ललकारते हुए कहा कि कांग्रेस हमारे रिपोर्ट कार्ड का जवाब दे और हिम्मत है तो पचास साल का हिसाब दे। मनमोहन सरकार ने मात्र एक लाख 95 हज़ार करोड़ रुपये दिये और मोदी सरकार ने आठ लाख 31 हज़ार करोड़ दिये। राशन कांग्रेस के चट्टे-पट्टे ही खा जाते थे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने योजना बनाने में कटौती नहीं की और बजट देने में भी कमी नहीं की। पहले टुकड़े-टुकड़े में विकास होता था। अब समुचित विकास होता है। 80 लाख शौचालय बन चुके है, 10 लाख 87 हजार सिलेंडर वितरित किए हैं। 31 हजार करोड़ की लागत से नर्मदा एक्सप्रेस वे का निर्माण किया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 15 महीने की सरकार में क्या किया। हमारी सरकार की योजनाओं को लंगड़ा कर दिया था कमल नाथ सरकार ने। 46 लाख बेटियों को लाडली लक्ष्मी योजना का लाभ मिला है। प्रदेश में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों की संख्या 24 तक पहुंच चुकी है। ट्राइबल के लिए पेसा कानून लागू किया है। मोदी और शिवराज सरकार की गरीब कल्याण की योजनाओं को बंद करने का काम कांग्रेस ने किया। उन्होंने कहा कि 14 देशों ने सिर्फ़ मोदी का सम्मान नहीं किया बल्कि हमारी विकासगाथा का सम्मान किया है। नरेन्द्र मोदी ने विकसित राज्य बनाने का बीड़ा उठाया है। कांग्रेस ने जब सत्ता पाई तब सिर्फ़ घोटाला किया।

अमित शाह ने बोफोर्स समेत 24 घोटालों का जिक्र कर कहा कि 'बंटाधार और कमलनाथ इधर-उधर की बात नहीं करिए। मध्यप्रदेश का काफिला क्यों लुटा? इसका जवाब दीजिए। यह कांग्रेस के समय में लुटा है।' विधानसभा चुनाव के बाद मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री के सवाल पर अमित शाह ने कहा कि यह पार्टी का काम है, पार्टी को काम करने दीजिए। एमपी की जनता को चुनना है कि घोटालों की, बंटाढार की सरकार चाहिये या मोदी के विकास में आप सहभागी बनेंगे। महान भारत बनाने के मोदी के सपने में आप सहयोग करें। केन्द्रीय गृह मंत्री शाह ने 'गरीब कल्याण महा अभियान' की भी शुरुआत की।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement