केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की जो पहचान पिछले नौ वर्ष में बनी है वह सदियों तक भारत का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि क्षमता से शक्ति तक और निर्भरता से आत्मनिर्भरता तक 140 करोड़ जनता के साथ मिलकर आज भारत विश्व पटल पर एक नक्षत्र की तरह उभर चुका है।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ग्वालियर में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुर्सी और पद महत्वपूर्ण नहीं, लेकिन भारत माता की माटी के लिए बलिदान देना सबसे महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक नई विचारधारा के तहत सबका साथ-सबका विकास, सबका साथ और सबका प्रयास लेकर एक जुट होकर भारत माता को आगे बढ़ाने का संकल्प किया। इसलिए भाजपा गरीब किसान, महिला और सबकी है। अगर आंकडे़ देखें तो 2003 में मप्र का बजट 16 हजार करोड़ का था। 2023 में 2.50 लाख करोड़ हो गया है। मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं के लाडली लक्ष्मी योजना और लाडली बहना योजना शुरू की है। आज ये इस बात को सिद्ध करता है कि गरीबों का कल्याण अगर कोई करता है तो भाजपा ही कर सकती है। आज हमें संकल्प लेना होगा कि हमें 2023 में और 2024 में भी भाजपा को फिर से सत्ता में लाना है।
केन्द्रीय मंत्री वीरेन्द्र खटीक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में केंद्र और राज्य की डबन इंजन की सरकारों ने देश और प्रदेश में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को लेकर जो काम किए हैं वो कभी नहीं हुए हैं। कांग्रेस ने 60 साल के शासनकाल में सिर्फ तुष्टीकरण की राजनीति की है। आज हमारे सामने फिर चुनाव हैं और कांग्रेस झूठ के सहारे जनता को भ्रमित करने का काम करेगी। ऐसे लोगों को हमें उन्हीं के शब्दों में जवाब देना होगा।
केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि राजनैतिक प्रस्ताव हमारा दस्तावेज है। वही हमारा चुनाव का एजेंडा होगा। आज केंद्र और राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर गरीब को मिल रहा है। हमें सरकारों की विकासोन्मुखी नीतियों को लेकर जनता के बीच जाना है और देश और प्रदेश में कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों को उजागर करना है। भाजपा समाज के हर वर्ग की चिंता करती है। भाजपा विकास की राजनीति करती है, वहीं कांग्रेस विनाश की। नारी सम्मान सांस्कृतिक विरासत का सम्मान है।
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह ने की। सत्र के दौरान केंद्रीय मंत्री व चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव, सहप्रभारी अश्विनी वैष्णव, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश सह प्रभारी प्रो. रामशंकर कठेरिया, संसदीय बोर्ड के संदस्य सत्यनारायण जटिया, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम वर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, मंत्री गोपाल भार्गव मंचासीन थे।
