प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व में अपना लोहा मनवाया: जनरल वीके सिंह | The Voice TV

Quote :

असफलताओं के बावजूद, अपना मनोबल ऊँचा रखें. अंत में सफलता आपको अवश्य मिलेगी । “ - धीरूभाई अंबानी

National

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व में अपना लोहा मनवाया: जनरल वीके सिंह

Date : 11-Sep-2023

 जयपुर, 11 सितंबर । केंद्रीय सड़क परिवहन राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा है कि दिल्ली में आयोजित जी-20 की बैठक के जरिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व में अपना लोहा मनवाया। जी-20 समूह में विश्व के सभी शक्तिशाली देश शामिल हैं। सभी देशों ने भारत की मुक्त कंठ से प्रशंसा की है।

दौसा में भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा के दौरान सोमवार को उन्होंने पत्रकार वार्ता में कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक रूप से मजबूती की दिशा में जा रहा है। जी-20 समिट ने भारत की भव्यता को विश्व में साबित कर दिया है।

उन्होंने राज्य की कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राजस्थान की जनता मौजूदा कांग्रेस सरकार के राज में बदहाल कानून व्यवस्था, युवाओं और किसानों से वादाखिलाफी से पूरी तरह परेशान है। इसलिए जनता के बीच जाकर उनकी बात सुनने के लिए भाजपा को परिवर्तन संकल्प यात्रा निकालनी पड़ी है। इस यात्रा में जनता हमारे साथ आ रही है और परिवर्तन लाने का पूरा मन बना चुकी है।

केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि राजस्थान में बेरोजगारी खत्म करने के लिए कांग्रेस ने बड़े बड़े वादे किए थे। नौकरी तो दूर, 17 से भी ज्यादा बार पेपर लीक की घटनाएं हो गईं। महिला, किसान आदि के लिए ऋण योजनाएं मोदी सरकार ने चला रखी लेकिन उनका भी सफल क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा। आज देश में सबसे महंगी बिजली राजस्थान में है, राजस्थान एक खुशहाल प्रदेश था, लेकिन बीते पौने पांच वर्षों में राजस्थान में महिला अत्याचार बढ़े हैं। इन सबके लिए वर्तमान कांग्रेस सरकार दोषी है। कभी उत्तर प्रदेश में अपराध बेलगाम हुआ करता था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश में अपराधी ढूंढ़ने से भी नहीं मिल रहे। यही फर्क है बीजेपी और कांग्रेस में कानून व्यवस्था में गहलोत सरकार पूर्णतया फेल है। इसलिए प्रदेश में परिवर्तन जरूरी है। पीएम मोदी की सभी योजनाएं महिला, दलित, पीड़ित किसान, बेरोजगार और वंचितों के लिए हैं।

भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार का कार्यकाल पूर्ण होने वाला है और जनता से किए गए सारे वादे अधूरे हैं। इस दौरान दौसा सांसद जसकौर मीणा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं यात्रा के सह-संयोजक जितेंद्र गोठवाल, पूर्व सांसद रामकुमार वर्मा, प्रदेश मीडिया सह-संयोजक मेहराज चौधरी और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभु दयाल शर्मा मौजूद रहे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement