कमलनाथ ने बंद कर दी थीं शिवराज की 51 कल्याणकारी योजनाएं: अमित शाह | The Voice TV

Quote :

" जो स्वयं पर विजय पा लेता है, उसे संसार पराजित नहीं कर सकता।"

National

कमलनाथ ने बंद कर दी थीं शिवराज की 51 कल्याणकारी योजनाएं: अमित शाह

Date : 04-Nov-2023

 भोपाल, 4 नवंबर । केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने शनिवार को शिवपुरी जिले के करैरा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस की पिछली डेढ़ साल की कमलनाथ सरकार पर आरोप लगाया कि उस दौरान शिवराज की 51 कल्याणकारी योजनाएं बंद कर दी गई।यहां कमीशनखोरी का उद्योग स्थापित किया। ट्रांसफर इंडस्ट्री लगाने का काम किया। बेटा-दामादों के कल्याण का उद्योग स्थापित किया। भ्रष्टाचार की इंडस्ट्री लगाने का काम किया। केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी जनसभाओं को संबोधित किया।

अमित शाह ने चुनावी सभाओं में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। शाह ने आरोप लगाते हुए कहा कि कमलनाथ ने साढ़े तीन सौ करोड़ का मोजरबेयर घोटाला किया। 2400 करोड़ रुपये के अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले में नाम आया। 600 करोड़ का इप्को घोटाला किया। 25 हजार करोड़ रुपये की कर्जमाफी का घोटाला कमलनाथ ने किया।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने कई साल तक मध्य प्रदेश को अंधेरे में रखा। बीमारू राज्य बनाकर रखा। दूसरी ओर भाजपा की सरकार ने मध्य प्रदेश को बीमारू से बेमिसाल राज्य बनाया। गरीबों, दलितों, शोषितों, वंचितों के कल्याण का काम किया। 20 साल पहले श्रीमान बंटाधार की सरकार थी तब सड़क ऐसी थी क्या? सिंचाई की व्यवस्था ऐसी हुई थी क्या? घर-घर बिजली आती थी क्या? 2003 में जब कांग्रेस मध्य प्रदेश छोड़ कर गई तब यहां का बजट 23 हजार करोड़ रुपये का था। 2023 में मध्य प्रदेश सरकार का बजट तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक का था। हर साल एमएसएमई के चार हजार रजिस्ट्रेशन होते थे। आज यह रजिस्ट्रेशन बढ़कर तीन लाख से अधिक हो गए हैं। मेडिकल सीटें 620 थी, जो बढ़कर चार हजार से अधिक हो गई है। आईआईटी की सीटें बढ़ाई हैं। पर्यटक 64 लाख आते थे, अब नौ करोड़ आते हैं। यह पूरा परिवर्तन भाजपा की सरकार ने किया।

राममंदिर का निमंत्रण देने आया हूं

उन्होंने कहा कि अयोध्या में जहां भगवान राम का जन्म हुआ, वहां मंदिर बनना था या नहीं? कांग्रेस पार्टी 70 साल से मंदिर के प्रश्न को लटका रही थी। मैं तो निमंत्रण देने आया हूं। 22 जनवरी को वहां पर प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है। 22 जनवरी 2024 को दोपहर साढ़े 12 बजे रामलला प्रस्थापित होने वाले हैं। हमने सिर्फ अयोध्या मंदिर का काम नहीं किया। उज्जैन में महाकाल लोक और काशी विश्वनाथ का कॉरिडोर बनाया। सोमनाथ का मंदिर सोने का बन रहा है। बद्रीनाथ और केदारनाथ का भी पुनरुद्धार भी मोदी ने किया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी 4सी फॉर्मूले पर चलती है। करप्शन, कम्युनल दंगे, कमीशन और क्रिमिनल की पॉलिटिक्स करती है। मध्य प्रदेश को 4सी से निकालकर विकास की धारा में लाने के लिए भाजपा को वोट देना जरूरी है।

शाह ने कहा कि जब केंद्र में मनमोहन सिंह की सरकार थी तो आए दिन पाकिस्तान से घुसपैठ होती थी और बम धमाके होते थे। मोदी जी की सरकार आई। तब पुलवामा और उरी में पाकिस्तान ने गलती कर दी। दस दिन में एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक करने का काम मोदी ने किया। कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाया। मोदी सरकार ने देश को सुरक्षित किया है।


 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement