देहरादून, 26 जनवरी । प्रदेशभर में आज गणतंत्र दिवस पूरे उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सभी जिला मुख्यालयों के साथ ही ब्लाक व तहसीलों में तिरंगा फहराया गया और देश भक्ति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विश्व प्रसिद्ध चार धामों में भी गणतंत्र दिवस पर उत्साह व उमंग का माहौल रहा।
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने सूचना भवन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान के प्रति निष्ठा, एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। तिवारी ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र, संविधानिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
अल्मोड़ा में गणतंत्र दिवस केे अवसर पर सुबह नंदा देवी मंदिर परिसर से गांधी पार्क चौघानपाटा तक प्रभात फेरी निकाली गई। इस दौरान स्कूलों के छात्र-छात्राएं के देश भक्ति के नारों ने पूरे माहौल को देश भक्ति की रंग में रंग दिया। पौड़ी, चमोली, टिहरी, चंपावत, पिथौरागढ़, नैनीताल समेत अन्य जिलों में भी गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। जनपद रुद्रप्रयाग में स्थित भगवान केदारनाथ मंदिर प्रांगण में तिरंगा फहराया गया। बर्फ से ढके मंदिर परिसर में कड़ाके की ठंड में जवानों ने भारत माता के जयकारे लगाए।
देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय व कांग्रेस मुख्यालय में भी 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया।
