कार्मिक मंत्री डॉक्टर जितेन्द्र सिंह ने साधारण लोगों को समय पर सेवा देने के लिए अधिक से अधिक प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करने का आग्रह किया है। डॉक्टर सिंह ने नई दिल्ली में आज मिशन कर्मयोगी के विस्तारित संस्करण का शुभारंभ करते हुए यह बात कही। उन्होंने डिजिटल शासन को आगे बढ़ाने के लिए जनसेवकों से डिजिटल क्रान्ति की संभावना का प्रयोग करने और नवीनतम सूचना प्रौद्योगिकी नवाचारों को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। मिशन कर्मयोगी भविष्य में अधिक प्रौद्योगिकी सक्षम, नवाचार, प्रगतिशील और पारदर्शी जनसेवक तैयार करने पर केन्द्रित है। उन्होंने आई-गॉट कर्मयोगी मंच पर तीन नई सुविधाओं का शुभारंभ भी किया। ये सुविधाएं हैं- माई आई-गॉट, ब्लेंडेड प्रोग्राम और क्यूरेटेड प्रोग्राम।
