भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस सुमित्रा ने अरब सागर में सशस्त्र सोमाली समुद्री डाकुओं से चालक दल के 19 सदस्यों और एक जहाज को बचाने के लिए दूसरा सफल अभियान चलाया।
भारतीय नौसेना के अनुसार आईएनएस सुमित्रा ने सोमालिया के पूर्वी तट पर मछली पकड़ने वाले जहाज 'अल नईमी' पर समुद्री डकैती के प्रयास को विफल कर दिया। नौसेना ने मछली पकड़ने वाले जहाज और 19 पाकिस्तानी नागरिकों को 11 सोमाली समुद्री डाकुओं से बचाया है।
यह ऑपरेशन पिछले रविवार को आईएनएस सुमित्रा द्वारा ईरानी ध्वज वाले एफवी 'ईमान' को सोमाली समुद्री लुटेरों से सुरक्षित बचाने के बाद चलाया गया था। नौसेना ने कहा कि अपहृत जहाजों को कोच्चि से लगभग 850 समुद्री मील दूर दक्षिणी अरब सागर में बचाया गया था।
