हिमाचल में पार्टी की संगठानात्मक बैठक में नड्डा ने दिया लोकसभा चुनाव में जीत का मंत्र | The Voice TV

Quote :

असफलताओं के बावजूद, अपना मनोबल ऊँचा रखें. अंत में सफलता आपको अवश्य मिलेगी । “ - धीरूभाई अंबानी

National

हिमाचल में पार्टी की संगठानात्मक बैठक में नड्डा ने दिया लोकसभा चुनाव में जीत का मंत्र

Date : 04-Feb-2024

 धर्मशाला, 4 फरवरी । भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने धर्मशाला दौरे के दूसरे दिन रविवार को हिमाचल भाजपा की प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक ली। इस बैठक में नड्डा ने आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी नेताओं को चुनावी जीत का मंत्र दिया।

कांगड़ा के गगल में एक होटल में संपन्न इस बैठक में नड्डा ने पार्टी नेताओं व संगठन के पदाधिकारियों मिशन 2024 को फतेह करने और नरेन्द्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए धरातल पर काम करने में जुटने का आह्वान किया। इस बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, चुनाव प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, बिहारी लाल शर्मा, त्रिलोक कपूर, सिकंदर कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा बैठक में भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, प्रकोष्ठ संयोजक और विभिन्न प्रतिनिधियों को भी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। करीब ढाई घंटा चली इस बैठक में लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर नड्डा ने पार्टी नेताओं व पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया।

हिमाचल में जीतेगें चारों लोक सभा सीटें : बिंदल

हिमाचल प्रदेश भाजपा इकाई के अध्यक्ष राजीव बिंदल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा को आश्वस्त किया कि लोकसभा की चारों सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के अनेक अभियान चल रहे हैं, जिसमें गांव चलो अभियान है जिसके कार्यों की समीक्षा बैठक में की गई। बूथ कैसे मजबूत हो इसका चिंतन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष डा. बिंदल ने कहा कि वर्ष 2024 में हिमाचल प्रदेश की चारों लोकसभा सीटें जीतने के लिए किस-किस तरीके के साथ संगठन को आगे बढ़ना है।

बैठक में प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को और प्रभावशाली बनाने के लिए हर बूथ पर बैठक करने और मोदी सरकार की उपलब्धियाें को जन जन तक पहुंचाने के विषयों पर चर्चा हुई। वहीं विपक्ष के इंडी गठबंधन और कांग्रेस पार्टी की परिवारवाद जैसी नकारात्मक नीतियाें को फैलाने पर जोर दिया गया। रविवार की बैठक में सेवानिवृत्त आईएएस जगदीश चंद शर्मा को विधिवत रूप से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पटका पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस बैठक में नवमतदाता सम्मेलन, वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्पर्क अभियान, मन की बात, लाभार्थी सम्पर्क जैसे विभिन्न अभियानों को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। बैठक के बाद नड्डा दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

उल्लेखनीय है कि जेपी नड्डा दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को धर्मशाला पंहुचे थे। जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करने के अलावा पालमपुर के जिया गांव पहुंचकर गांव चलो अभियान की भी शुरूआत की थी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement