कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए मप्र की 12 सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार | The Voice TV

Quote :

असफलताओं के बावजूद, अपना मनोबल ऊँचा रखें. अंत में सफलता आपको अवश्य मिलेगी । “ - धीरूभाई अंबानी

National

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए मप्र की 12 सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार

Date : 24-Mar-2024

 भोपाल, 23 मार्च । लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने मध्य प्रदेश की 12 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। भोपाल से अरुण श्रीवास्तव और राजगढ़ से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, रतलाम लोकसभा सीट से कांतिलाल भूरिया को टिकट दिया गया है। कांग्रेस अब तक मप्र की 29 सीटों में 22 पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है जबकि सात सीटों को अभी होल्ड पर रखा है। कांग्रेस ने अब तक एक महिला को टिकट दिया है जबकि पांच वर्तमान विधायक, एक सांसद और एक राज्य सभा सांसद को प्रत्याशी बनाया है।


अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने शनिवार देर रात लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की है। इसमें 45 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है। इस सूची में मध्य प्रदेश की 12 सीटों के लिए उम्मीदवार शामिल हैं। राजगढ़ सीट से पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। राजगढ़ दिग्विजय सिंह का गढ़ माना जाता है और 33 साल बाद इस सीट से वे लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें भोपाल से मैदान में उतारा था लेकिन भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने उन्हें बुरी तरह पराजित किया था।



कांग्रेस ने रतलाम सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया को उतारा है। इंदौर से अक्षय बम, बालाघाट से सम्राट सारस्वत और जबलपुर से दिनेश यादव को टिकट दिया गया। उज्जैन के तराना से विधायक महेश परमार, मंदसौर से पूर्व विधायक दिलीप सिंह गुर्जर को प्रत्याशी बनाया गया है।


सागर से चंद्रभूषण सिंह गुड्डू राजा बुंदेला को प्रत्याशी बनाया है। वह विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस में शामिल हुए थे। वह खुरई से चुनाव लड़ने की तैयारी में थे लेकिन उन्हें टिकट नहीं दिया गया था। वहीं, रीवा से नीलम अभय मिश्रा को चुनाव मैदान में उतारा गया है। नीलम सेमरिया से कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा की धर्मपत्नी हैं। शहडोल से फुंदेलाल सिंह मार्को प्रत्याशी होंगे, जो पुष्पराजगढ़ से विधायक हैं। वहीं होशंगाबाद से तेंदूखेड़ा के पूर्व विधायक संजय शर्मा को मैदान में उतारा है।



भोपाल लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने अरुण श्रीवास्तव को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का समर्थक माना जाता है। मध्यप्रदेश कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक अरुण को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने कांग्रेस नेता दिग्विजय से चर्चा के बाद टिकट दिया है। वह भोपाल जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हैं।


सूत्रों का कहना है कि गुना लोकसभा सीट को लेकर मामला उलझा हुआ है। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने यहां से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है जबकि स्थानीय स्तर पर उनके नाम को लेकर सहमति नहीं है जिसके चलते अभी इस सीट के प्रत्याशी को लेकर निर्णय नहीं हो पाया है। वहीं, मुरैना, ग्वालियर, दमोह, खंडवा और विदिशा के प्रत्याशियों को लेकर अभी मंथन किया जा रहा है।

पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए दो विधायकों पर दांव लगाया है। पुष्पराजगढ़ से फुंदेलाल सिंह मार्को और तराना से महेश परमार अभी विधायक हैं। पहली सूची में फूल सिंह बरैया, सिद्धार्थ कुशवाहा और ओमकार सिंह मरकाम को टिकट दिया गया था।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement