उत्तर-पश्चिम भारत को ठंड से मामूली राहत, 14 के बाद फिर पारा गिरेगा | The Voice TV

Quote :

"कल से सीखो, आज के लिए जियो, कल के लिए आशा रखो।"

National

उत्तर-पश्चिम भारत को ठंड से मामूली राहत, 14 के बाद फिर पारा गिरेगा

Date : 11-Jan-2023

 नई दिल्ली, 11 जनवरी (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम भारत को गला रही ठंड से थोड़ी राहत मिली है। कुछ राज्यों में घना कोहरा भी छंटा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक तीन-चार दिन तक ठंड कुछ कम होगी। पश्चिमी विक्षोभ के कारण न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा हो सकता है। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। 14 जनवरी से ठंड दोबारा परेशान करेगी और तापमान भी गिरेगा। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक कोहरे के कारण उत्तर रेलवे क्षेत्र में 26 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में ज्यादातर स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे चला गया है। श्रीनगर और कुपवाड़ा में कुछ बेहतर स्थिति रही। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। काजीगुंड का न्यूनतम तापमान माइनस .8, दक्षिणी कश्मीर के कोकेरनाग का न्यूनतम तापमान माइनस 3.6, राजस्थान के चुरु का 1.5, पंजाब के बठिंडा का 2.4 और हरियाणा के भिवानी का 3.8 और चंडीगढ़ का 7.8 दर्ज किया गया।
विभाग के मुताबिक दिल्ली को ठंड से राहत मिली है। दिल्ली के सफदरजंग में बुधवार सुबह 6:10 बजे न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले कुछ दिनों में बूंदाबांदी हो सकती है। पालम क्षेत्र में दृश्यता 100 मीटर दर्ज की गई है।
कोहरे के चलते कुछ फ्लाइट्स लेट हैं। दिल्ली-शिमला, दिल्ली-काठमांडू, दिल्ली-चेन्नई, दिल्ली-जैसलमेर, दिल्ली-बरेली, दिल्ली-मुंबई, दिल्ली-वाराणसी, दिल्ली-श्रीनगर, दिल्ली-जयपुर, दिल्ली-गुवाहाटी की उड़ान में देरी हुई है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement